सहारनपुर। सर्द मौसम में सियासी पारा गर्म है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने वोटरों को साधने के लिए ताकत झोंक रखी है। डोर-टू-डोर संपर्क पर उम्मीदवार जीत के बाद एक-एक वायदे को पूरा करने के दावे कर रहे हैं। कोई हाथ जोड़कर वोट मांग रहा है तो कई बड़े बुजुर्गों के पैर छूकर व युवाओं से गले मिलकर भावनात्मक रूप से मतदाताओं से जुड़ रहा है। वहीं, मतदाता महंगाई व बेरोजगारी से गरीबों को निजात दिलाने के साथ विकास के साथ मूलभूत सुविधाएं दिलाने की मांग उठा रहे हैं।
आपका बेटा हूं, दिलाया भरोसा
दोपहर 12:00 बजे
चंद्रनगर में एक मकान पर चौपाल लगी है, जहां पर बसपा के शहर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी मनीष अरोड़ा समर्थकों संग पहुंचे और जनता से किए एक-एक वायदे को पूरा करने का वायदा किया। उन्होंने शहर के सियासी समीकरण बताते हुए भावनात्मक रूप से जनता से जुड़ने की कोशिश की। इसके साथ ही शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। मनीष अरोड़ा ने भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए कहा कि वह जीतने के बाद भी बेटे के रूप में जनता की सेवा करेंगे।
दोपहर 01 बजे
एवन कॉलोनी में भाजपा प्रत्याशी राजीव गुंबर अपने काफिले के साथ पहुंचे, यहां पर लोगों ने उनका पगड़ी पहनाकर व तिलक लगाकर स्वागत किया। राजीव गुंबर ने बुजुर्गों को हाथ जोड़ने के साथ पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही अपील की कि जनता इस बार उन्हें मौका दें, जो काम अधूरे रह गए थे, उनको पूरा कराएंगे। उनकी पार्टी जातिवाद और भेदभाव से ऊपर उठकर सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ काम करती है।
जनता की सेवा के प्रति संकल्पित
दोपहर 01:30
आईएमए भवन के पास सपा प्रत्याशी विधायक संजय गर्ग ने जनसंपर्क कर लोगों से मुलाकात की। हाथ जोड़कर सभी को नमस्कार किया। एक मकान में लगी चुनावी चौपाल में संजय गर्ग ने मतदाताओं से कहा कि सपा ही एक ऐसा राजनीतिक दल है, जो चुनाव से पूर्व की गई घोषणाओं को जीत के बाद पूरा करता है। उन्होंने विधायक रहते हुए उन्होंने पांच साल जनता की सेवा की है। जीतने और सरकार बनते ही लोगों को मूलभूत सुविधाएं दिलाएंगे।
दोपहर 2:05 बजे
महिलाओं को मिले उनका हक
कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर कौर अपने काफिले के साथ एवन कॉलोनी में पहुंची, उनके साथ महिलाएं भी थी, जो सुखविंदर कौर के साथ घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों की जानकारी देने के साथ भाजपा सरकारों पर भेदभाव का आरोप लगा रही थी। सुखविंदर कौर ने बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही महिलाओं, युवाओं सहित अनेक वर्गों की परेशानियां दूर कराने का आश्वासन भी दिया। इससे पूर्व उन्होंने खाताखेड़ी, कंबोह का पुल सहित पुुरानी मंडी क्षेत्र घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की।
बोले मतदाता,
गरीबों का होना चाहिए उत्थान
एवन कॉलोनी में चुनावी चर्चा के दौरान गढ़ी मलूक निवासी मुकेश कुमार ने कहा कि महंगाई कम होनी चाहिए। इसके साथ ही न्यूनतम मजदूरी आठ से 1000 रुपये होनी चाहिए। ताकि गरीबों का उत्थान हो सके।
सुरक्षा का माहौल मिलना चाहिए
एवन कॉलोनी निवासी आयुष छाबड़ा ने कहा कि सुरक्षा का माहौल मिलना चाहिए। इसी मुद्दे पर वह और उनका परिवार वोट भी करेगा। इसके साथ ही युवाओं के उत्थान के कार्य करने वाली सरकार होनी चाहिए।
स्टार्टअप से मिले मौके और सुरक्षा भी
गोविंदनगर निवासी सौरभ ने भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ कई अच्छे कार्य हुए हैं। र्स्टाटअप से नए मौके से मिले हैं। इसके साथ ही बहन बेटियों को सुरक्षा दिलाने वाली पार्टी और उसके उम्मीवादर को समर्थन करेंगे।
सुरक्षा तो मिली पर महंगाई बढ़ी
एवन कॉलोनी निवासी सुनील वालिया ने कहा कि दंगाइयों के हौसले पस्त हुए हैं। सहारनपुर में पूर्व में आए दिन लूट, डकैती और हत्याओं की बड़ी वारदातें होती थी, जिन पर अंकुश लगा है। अपराधियों को शिकंजा कसने के साथ ही महंगाई से निजात दिलाए जाने वाली सरकार होनी चाहिए।
बेरोजगारी व गरीबी हो खत्म
एआईएमए भवन के पास चुनावी चौपाल में शिव विहार निवासी परीक्षित वर्मा ने कहा कि महंगाई और गरीब मुक्त गांव, कस्बा, जिला बनाने वाली सरकार और उसका प्रतिनिधि होना चाहिए। बड़ी संख्या में लोग गरीबी का दंश झेल रहे हैं।
महंगाई और भेदभाव हो खत्म
रेलवे कॉलोनी में लोहानी सराय निवासी नसरीन ने कहा कि महंगाई और जातिवाद से ऊपर उठकर काम करने वाला हमारा विधायक व सरकार होनी चाहिए। धर्म व जाति के नाम पर बांटने वाले नेता सत्ता से बाहर होने चाहिए।
महिलाओं को मिले उनका हक
रेलवे कॉलोनी निवासी मुन्नी देवी ने कहा कि महिलाओं को उनका हक मिलना चाहिए। महिलाओं को सम्मान दिलाने और उनके आत्मनिर्भर बनाने वाला जनप्रतिनिधि होना चाहिए, जिस पार्टी ने महिलाओं के बारे में सबसे ज्यादा सोचा है। इसके साथ ही राजनीति में भी हिस्सेदारी दी है। उसका समर्थन किया जाएगा।
मतदाता परीक्षित वर्मा- फोटो : SAHARANPUR
मतदाता परूषोत्तम- फोटो : SAHARANPUR
मतदाता नसरीन- फोटो : SAHARANPUR
मतदाता मुन्नी देवी- फोटो : SAHARANPUR
चन्द्र नगर में चुनावी चौपाल को संबोधित करते बसपा सहारनपुर प्रत्याशी मनीष अरोड़ा- फोटो : SAHARANPUR
कीकत नगर में चुनावी जनसंर्पक करते सपा नगर प्रत्याशी संजय गर्ग- फोटो : SAHARANPUR