नागल। सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से ढाई लाख रुपये लेकर वहां उसे बंधक बनाकर मजदूरी कराई गई। आरोप है कि मजदूरी भी नहीं दी गई। वापस लौटने पर युवक के पिता ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गांव साधारणसिर निवासी फारूख पुत्र बुंदू ने बताया कि उसके गांव में रहने वाला एक युवक लोगों को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का काम करता है। उसने आठ माह पूर्व उसके बेटे तालिब को सऊदी में ड्राइवर की नौकरी पर लगवाने के नाम पर ढाई लाख रुपये लिए थे। उसने उसके बेटे को वहां भेज भी दिया, लेकिन उसने उसकी नौकरी ड्राइवर की लगवाने की बजाए उससे वहां खेत में मजदूर का काम कराया।
इस दौरान उसकी उसके बेटे से बात भी नहीं कराई और उसे बंधक बना कर रखा गया। जब उसने अपने बेटे से बात कराने का ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे वापस भेजने की बात कहते हुए उससे 11 हजार रुपये और ले गए। इसके बाद उसके बेटे को वापस भेज दिया गया। यहां आकर उसने आपबीती सुनाई। जब उन्होंने उससे अपने ढाई लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपी मारपीट पर उतारु हो गया। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।