सहारनपुर। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बालिकाओं और महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू कर रखी हैं। हमारा पूरा प्रयास सभी पात्रों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने का है। उन्होंने कई लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के प्रमाणपत्र एवं प्रतीक चेकों का वितरण भी किया।
शुक्रवार को जनमंच में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का शुभारंभ प्रभारी एवं प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने बालिकाओं, किशोरियों एवं महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य के लिए अनेक योजनाएं चला रखी हैं। राज्य सरकार के निरंतर प्रयास से प्रदेश में लिंगानुपात एवं शिक्षा के अनुपात में भारी परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के तहत कन्या के जन्म से लेकर उसके स्नातक होने तक राज्य सरकार छह चरणों में 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी। यह राशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र कल्याणकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटे और बेटियों में कोई भेद नहीं है। बेटियां जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बुलंदियों पर हैं।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनपद कन्या सुमंगला योजना में चौथे स्थान पर है, लेकिन हम बहुत जल्द ही इसमें प्रथम स्थान पर होंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, विकास एवं सशक्तिकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। महापौर संजीव वालिया, विधायक देवेंद्र निम, जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, नगर आयुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर बीएस सोढ़ी, उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार दूबे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामेन्द्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
इनको दिए गए प्रतीक चेक
प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कार्यक्रम में विधिवत रूप से कन्या सुमंगला योजना के मोमेंटो का अनावरण किया। उन्होंने मंच पर अनाया पुत्री सीमा, काव्या पुत्री प्रीति देवी, आकांक्षा पुत्री करण सिंह, रेनू पुत्री बोहती, खुशी पुत्री सुशील कुमार, सुगंधा पुत्री नीरज कुमार आदि लाभार्थियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र एवं प्रतीक चेक वितरित किए
लाइव प्रसारण दिखाया
जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ के लोकभवन में हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। उन्होंने कहा कि बहन, बेटियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए वर्तमान सरकार कोई भी कदम उठाने में संकोच नहीं करती। उन्होंने कहा कि इस योजना में अभी तक 2.82 लाख आवेदकों का पंजीकरण हो चुका है। कन्या सुमंगला योजना का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा तथा स्वास्थ्य में सुधार लाने के साथ ही कन्या भ्रूण हत्या एवं समान लिंगानुपात स्थापित करना, बाल विवाह की कुप्रथा को रोकना, बालिकाओं को स्वावलंबी बनाने में सहायता करना करना है।
कन्या सुमंगला योजना के तहत जनमंच में आयोजित कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ करते मंत्री सूर्य प्?- फोटो : SAHARANPUR
कन्या सुमंगला योजना के तहत जनमंच में आयोजित कार्यक्रम में बच्चो के परिवार को कार्ड प्रदान करते म- फोटो : SAHARANPUR