सहारनपुर। त्योहारी सीजन में रोडवेज की कमाई की वृद्धि में सहारनपुर परिक्षेत्र ने इस बार सभी को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। सहारनपुर ने गत वर्ष की सापेक्ष 44 प्रतिशत की वृद्धि की है, जबकि सहारनपुर परिक्षेत्र में खतौली डिपो ने सर्वाधिक 60.79 लाख रुपये की आय की।
सहारनपुर परिक्षेत्र ने इस बार आय वृद्धि में बड़े-बड़े परिक्षेत्रों को पीछे छोड़ दिया है। प्रदेश में दीपावली से छठ पर्व तक 25 अक्तूबर से 3 नवंबर तक दस दिन के लिए प्रोत्साहन योजना देकर रोडवेज ने पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया। दस दिन तक चलाए गए अभियान में सहारनपुर परिक्षेत्र ने आय वृद्धि में पहला स्थान प्राप्त किया है। पूरे प्रदेश में परिवहन निगम ने दस दिन में 164.83 करोड़ रुपये की आय की। जिसमें सहारनपुर परिक्षेत्र के डिपो ने 1006.88 लाख रुपये की आय की है, जबकि 2018 सहारनपुर परिक्षेत्र ने 932.30 लाख रुपये की आय की थी। इस वर्ष सहारनपुर परिक्षेत्र ने लगभग 74.54 लाख रुपये अतिरिक्त अर्जित किए हैं। जो पिछले वर्ष के मुकाबले 44 प्रतिशत अधिक है। हालांकि नोएडा ने 143 लाख की अधिक आय की है, लेकिन नोएडा की सिर्फ सिटी बसें ही चलीं। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक राज शेखर ने बेहतर रिजल्ट देने वाले सहारनपुर, नोएडा, देवीपाटन, गोरखपुर और प्रयागराज की सराहना की। सहारनपुर की इस उपलब्धि में खतौली डिपो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। खतौली ने 60.79 लाख रुपये की अतिरिक्त आय की है। हालांकि खतौली डिपो को 15 अतिरिक्त बसें भी दी गईं थीं, जबकि सहारनपुर में 10 बसें, मुजफ्फरनगर एवं छुटमलपुर में 11-11 बसों की कमी रही थी।
खतौली डिपो का अहम योगदान : आरएम
परिवहन निगम सहारनपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार का कहना है कि नोएडा की आय सिटी बसों की आय है, लेकिन निगम परिक्षेत्र की आय वृद्धि में सहारनपुर ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिसमें खतौली डिपो ने सर्वाधिक आय वृद्धि 60 लाख की है।
किस डिपो ने कितनी की आय
डिपो ---------------- इस वर्ष---------- पिछले वर्ष
सहारनपुर-----------3.28 करोड़-------2.91 करोड़
मुजफ्फरनगर------3.02 करोड़--------3.19 करोड़
खतौली-------------2.00 करोड़--------1.40 करोड़
छुटमलपुर---------1.08 करोड़--------1.15 करोड़
शामली------------30 लाख-----------30 लाख
गंगोह--------------36.8 लाख---------37.2 लाख