सहारनपुर जनपद के थाना जनकपुरी क्षेत्र स्थित प्राइवेट स्कूल के प्रधानाचार्य ने कक्षा पांच की छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर दी। घटना का पता लगने पर छात्रा के परिजनों ने पहले आरोपी के घर और फिर थाने पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर किया है।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी बालिका क्षेत्र के ही स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा है। पुलिस के मुताबिक बुधवार को स्कूल खुला था और छात्रों को बुलाया गया था। उसी दिन छात्रा ने अपने घर आकर परिजनों से शिकायत की कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने उसे कक्ष में बुलाकर छेड़छाड़ की है। इसका पता लगने पर परिजनों में आक्रोश फैल गया है। परिजन तीन दिन तक चुप रहे, लेकिन शनिवार को आरोपी के घर पहुंचकर हंगामा कर दिया। वहीं प्रधानाचार्य खुद ही थाने पहुंच गया। परिजनों ने थाने पर भी एकत्र होकर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना पर एसपी सिटी राजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों को शांत कराया।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी प्रधानाचार्य अबरार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अबरार ने पूछताछ में बताया कि बच्ची के परिजनों ने फीस मांगने पर उस पर झूठा आरोप लगाया है। मामले की हर बिंदु से जांच की जा रही है।