जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में टारगेट किलिंग का शिकार हुए सगीर अहमद की हत्या करने वाले आतंकी को सेना ने मार दिया। इसका पता लगने पर परिजनों ने सेना और सरकार का धन्यवाद किया। परिजनों ने कहा कि वह भारतीय सेना को सलाम करते हैं।
सहारनपुर शहर के मोहल्ला सराय हिसामुद्दीन निवासी सगीर अहमद की जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में गत शनिवार की शाम आतंकी ने घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। सगीर के पुत्र जहांगीर ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में रहने वाले उनके पिता के परिचित मोहम्मद इलियास ने बुधवार दोपहर फोन पर बताया कि सेना ने सर्च ऑपरेशन के दौरान शोपियां में दो आतंकियों को मार दिया है। इनमें सगीर अहमद की हत्या करने वाला आतंकी भी शामिल था, जिसका नाम आदिल वानी बताया जा रहा है। जहांगीर का कहना है कि आतंकी के मारे जाने से परिवार को सुकून मिला है।
गैर कश्मीरियों को सुरक्षा दे सरकार
सगीर की पुत्री नफीसा, नजराना, आएशा व सोबी ने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं है। जम्मू-कश्मीर में सरकार को गैर कश्मीरियों को सुरक्षा देनी चाहिए। ताकि वह हर समय खौफ के साए में न रहें, साथ ही आतंकियों का पूरी तरह सफाया किया जाए।
यह भी पढ़ें: उफान पर गंगा: हस्तिनापुर में नाजुक हो रहे खादर क्षेत्र के हालात, फसलें व सड़कें जलमग्न, कई गांवों से टूटा संपर्क
मिले मुआवजा, फर्म से दिलाएं पैसा
सगीर अहमद के भाई नईम ने कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। पुलवामा में जिस फर्म में सगीर काम करता था, उस पर भी 50 हजार रुपये बकाया है, जो परिजनों को दिलवाए जाएं। वहीं, क्षेत्रीय पार्षद मंसूर बदर का कहना है कि उनकी जिलाधिकारी से बात हुई है। पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी: मेरठ-करनाल हाईवे पर किसानों का जोरदार प्रदर्शन, धान से लदे वाहन सीमा पर वाहन रोकने पर लगाया जाम