राष्ट्रवादी मुस्लिम महिला संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता फरहा फैज ने कहा कि तब्लीगी जमात से देश को खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तब्लीगी जमात मुसलमानों को गुमराह कर सरकार को ब्लैकमेल कर अकूत धन वसूल कार्य करने वाला संगठन है।
प्रतापनगर स्थित कार्यालय पर पत्रकार वार्ता के दौरान फरहा फैज ने सऊदी अरब में तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध लगाने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तब्लीगी जमात को विदेशों से हो रही फंडिंग को लेकर वह पिछले काफी समय से आवाज उठाती आ रही हैं। इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट भी जा चुकी है। केंद्र सरकार राजनीतिक कारणों की वजह से इस मामले पर चुप्पी साध लेती है।
वहीं, दूसरी ओर सऊदी अरब जैसे इस्लामिक देश ने तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध लगाकर इस बात की पुष्टि कर दी है, यह संगठन मुसलमानों को गुमराह कर उनको इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रतिबंध से साफ हो गया कि तब्लीगी जमात आतंकवाद का प्रवेश द्वार है। उन्होंने मुसलमानों से मांग की कि ऐसे संगठनों का साथ छोड़कर बहिष्कार करें। इसके साथ ही उन्होंने तब्लीगी जमात और इनसे जुड़े संगठनों पर संगीन आरोप लगाकर मुसलमानों को पिछड़ा होने का जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि ऐसे संगठनों को प्रशासनिक संरक्षण न दिया जाए। वह इनके खिलाफ आवाज उठाती रहेंगी।
यह भी पढ़ें: खौफनाक मंजर: भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, इलाके में मची चीख-पुकार, देखिए हादसे की तस्वीरें
मुसलमानों को किया बर्बाद: अहमद
सिविल कोर्ट के अधिवक्ता मुखतार अहमद ने भी सऊदी अरब में तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने जारी किए बयान में कहा कि इसको लेकर मुस्लिम धर्म गुरुओं द्वारा दिया गया बयान निंदनीय है। आरोप लगाया कि तब्लीगी जमात ने मुसलमानों को हिंदुओं का डर दिखाकर बर्बाद करने का काम किया है।
यह भी पढ़ें: शादियों में सियासी धुन पर लग रहे ठुमके: कार्ड पर नेताजी की फोटो, तो आंदोलन के रंग में रंगी दुल्हन की चुनरी