सहारनपुर समाचार: जबरन कटवाई युवक की दाढ़ी
- फोटो : Amar Ujala saharanpur
सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र के गांव शिमलाना में जबरन दाढ़ी-मूंछ काटने के प्रकरण को लेकर एक भड़काऊ वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी युवकों के खिलाफ समाज में आक्रोश व्याप्त हो गया। वीडियो में पीड़ित रजत और भीम आर्मी कार्यकर्ता आरोपियों को धमकी दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने रजत सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिमलाना में राजपूत समाज के युवकों द्वारा अनुसूचित जाति के युवक रजत की जबरन दाढ़ी-मूंछ काटने के प्रकरण में रविवार को नया मोड़ आ गया। इस मामले में नाई और छह युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई थी। इसमें चार को पुलिस ने जेल भेजा था। पुलिस ने सत्यम राणा और रुपांतु को सोमवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अब इस प्रकरण में एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पीड़ित रजत के साथ खड़ा भीम आर्मी का एक कार्यकर्ता आरोपियों सहित उसके समाज व मुख्यमंत्री का नाम लेकर भड़काऊ बयान देता दिखाई दे रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद राजपूत समाज में गुस्सा है। शिमलाना निवासी संजय ने ग्रामीणों के साथ थाने पहुंच मामले की लिखित शिकायत की। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रजत उसके भाई सोनू और भीम आर्मी के कार्यकर्ता शौर्य आंबेडकर के खिलाफ संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर, सीओ देवबंद रजनीश उपाध्याय ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। देर रात शौर्य आंबेडकर को गिरफ्तार कर लिया गया।