सहारनपुर जनपद के गांव दाबकी गुर्जर से लापता हुए छात्र का शव हरिद्वार के ज्वालापुर में रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ। हरिद्वार पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यहां देहात कोतवाली में छात्र के पिता ने पुत्र के दो दोस्तों पर हत्या किए जाने का शक जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव दाबकी गुर्जर गांव निवासी सुशील सैनी ने बताया कि उनका 18 वर्षीय पुत्र हर्ष सरसावा के केंद्रीय विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। 26 मार्च को हर्ष घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन हर्ष देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
इसके बाद सुशील सैनी ने हर्ष के दो दोस्तों को फोन किया, जिनसे पता चला कि हर्ष हरिद्वार गया हुआ है। 27 मार्च को दोस्तों ने ही हर्ष की उसके पिता से मोबाइल फोन पर बात भी कराई थी, लेकिन बाद कोई बात नहीं हुई। आरोप है कि उसके पुत्र का मोबाइल फोन छीनकर बंद कर दिया। पिता ने उस दिन कोतवाली देहात में हर्ष की गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने हर्ष के मोबाइल फोन की लोकेशन से तलाश शुरू की तो पता चला कि अंतिम बार मोबाइल फोन हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में चला है।
यह भी पढ़ें: भाकियू कार्यकर्ता भड़के: 24 घंटे में दूसरी बार शिवाया टोल पर कब्जा, सभी लाइनें कराईं फ्री, जानें क्यों है इतना गुस्सा
वहीं ग्रामीणों के साथ पिता ज्वालापुर पहुंचे तो हर्ष का शव उन्हें ज्वालापुर में रेलवे ट्रैक से मिलने की जानकारी मिली, जिसे हरिद्वार पुलिस बरामद कर चुकी थी। हरिद्वार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पिता ने पुत्र के दोस्त योगांश और विशांग के खिलाफ हत्या का शक जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार के छह मंत्री: विभाग मिलते ही किए बड़े वादे, कोई दूसरी बार तो कोई पहली बार निभाएगा अहम जिम्मेदारी
एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। मृतक के पिता ने हर्ष के दोस्तों पर हत्या किए जाने का शक जाहिर किया है। हर पहलू से मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।