उलमा ने कहा : युवक का यह अमल इस्लाम से खारिज होने वाला, तौबा करनी चाहिए
गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहारनपुर जनसभा में मुस्लिम युवक द्वारा जय श्रीराम का नारा लगाने वाली वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देवबंदी उलमा ने ऐतराज जताते हुए युवक को उलमा के पास जाकर तौबा करने की सलाह दी, साथ ही कहा कि उसका यह अमल इस्लाम से खारिज होने वाला है। वहीं, उलमा की प्रतिक्रिया के बाद युवक मीडिया के सामने आया और कहा कि हम तो भगवान श्रीराम के वंशज हैं। उनका नाम लेकर या भारत माता की जय का नारा लगाया तो कोई गुनाह नहीं किया।
गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा में मुस्लिम युवक ने लगाए थे जय श्रीराम व भारत माता की जय के नारे
दो दिसंबर को अमित शाह और योगी आदित्यनाथ की सहारनपुर जनसभा में एक मुस्लिम युवक जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगा रहा था। उसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मीडिया ने इस मामले में मदरसा जामिया शेखुल हिंद के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती असद कासमी की राय जानी तो उन्होंने साफ कहा कि इस्लाम में इसकी जरा भी गुंजाइश नहीं है।
उन्होंने कहा कि युवक का यह अमल इस्लाम से खारिज होने वाला है। इसलिए उसे चाहिए कि वह उलमा के पास जाए और तौबा करे, साथ ही यह भी कहा कि दुनियावी आकाओं का खुश करने के बजाए युवक अल्लाह को राजी करे तो बेहतर है। वहीं, उलमा की प्रतिक्रिया के बाद युवक खुद मीडिया के सामने आया।
उसने बताया कि उसका नाम अहसान राव है और वह नगर के मोहल्ला पठानपुरा का रहने वाला है तथा वह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का जिला महामंत्री है। उसने दो टूक कहा कि हम भगवान श्रीराम के ही वंशज हैं। उनके नाम पर नारा लगाने पर किसी को कोई ऐतराज नहीं होना चाहिए। इसी प्रकार जिस देश में रह रहे हैं उसका नारा लगा दिया तो क्या गलत किया। किसी मौलाना को उन्हें इस्लाम से खारिज करने का कोई अधिकार नहीं है।