उत्तर प्रदेश में भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस को टक्कर देने के लिए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने पूरी ताकत लगा दी है। एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी इन दिनों खूब प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने जिन्ना के नाम पर अखिलेश यादव और भाजपा नेताओं पर पलटवार किया है। ओवैसी ने एक टीवी डिबेट में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी के सवालों का जवाब दिया। पढ़िए क्या कहा?
विज्ञापन
भाजपा प्रवक्ता ने क्या कहा ?
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सपा और एआईएमआईएम पर निशाना साधा। कहा, ' उत्तर प्रदेश में आकर असदुद्दीन ओवैसी कहते हैं कि सब बिरादियों के नेता हैं, तो मुस्लिमों के क्यों नहीं हैं? ये वही बात है, जो 100 साल पहले यानी 1920 में जिन्ना ने कहा था। तब उन्होंने मुस्लिमों से कहा था कि क्यों तिलक, गोखले और गांधी के साथ रहोगे? मेरे साथ आ जाओ...।'
त्रिवेदी यहीं नहीं रूके। आगे उन्होंने कहा, अखिलेश जिन्ना का नाम लेते हैं। सलमान खुर्शीद अयोध्या राइजिंग किताब लिखते हैं और राहुल गांधी हिंदुत्व पर भाषण देते हैं। लेकिन ओवैसी साहब सही कहते हैं कि ये कुछ नहीं बोलते। क्योंकि ये तो साक्षात मूर्तिमान स्वरूप हैं। इन्हें बोलने की जरूरत नहीं है। ये तो करके दिखाते हैं। समाजवादी पार्टी इसकी बी टीम है। क्योंकि ये जो चाहते हैं, जो इनके दिल में होता है वह सपा केवल बोलकर चुप हो जाती है।
विज्ञापन
ओवैसी ने क्या जवाब दिया?
सुधांशु त्रिवेदी के बयान पर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार किया। कहा, 'भाजपा के लोगों को हर बात में पाकिस्तान की याद आती है। प्रदूषण के लिए भी पाकिस्तान को दोषी ठहराते हैं। रिकॉर्ड निकालकर देखना चाहिए कि जिन्ना का जितना जिक्र समाजवादी पार्टी और भाजपा के लोगों ने किया, मैंने नहीं किया। दरअसल आज जिन्ना की जरूरत नहीं, गन्ने की कीमत की जरूरत है। भारत के मुसलमान को जिन्ना से क्या करना है? हमने तो रिजेक्ट कर दिया था। हम तो बाई बर्थ और बाई च्वॉइस दोनों ही इंडियन हैं। जिन्ना को मानने वाले लोग पाकिस्तान चले गए। जो भारत की खूबसूरती को मानते थे, विविधता को मानते थे.. वही यहां हैं।'
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी जिक्र किया। कहा, 'बाबा ने सबसे अच्छा काम किया है। मोदी- अमित शाह ने सबको हिंदू बना दिया था। बाबा ने साढ़े चार साल में ठाकुरवाद-ठाकुरवाद इतना किया कि अब उनका एक डिप्टी सीएम कहता है कि मैं मौर्या हूं। एक कहता है कि मैं ब्राह्मण हूं।'
सुधांशु का आरोप- ये लोग हिंदुओं को बांटने की कोशिश करते हैं
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने एआईएमआईएम चीफ ओवैसी पर निशाना साधा। कहा, 'बहुत अजीब बात है। जब हिंदू समाज की बात आती है तब ये लोग ब्राह्मण, ठाकुर, दलित, यादव, जाट, कुर्मी के नाम पर हिंदुओं को बांट देते हैं। लेकिन वहां (मुसलमानों के बीच) शिया-सुन्नी, देवबंदी, तुर्क, गद्दी नहीं होता। यही तरीका है... एक में जाति दिखाकर बांटते रहो और दूसरे को एक करते रहो।'
त्रिवेदी ने ओवैसी से पूछा, 'आप एक मुसलमानों का फिरका बताएं कि जिसने दूसरे के खिलाफ फतवा न जारी किया हो कि ये एंटी इस्लामिक हैं? दुनियाभर में मुसलमान एक-दूसरे के खिलाफ लड़ाई न लड़ रहे हों। लेकिन यहां सब एक हो जाते हैं। बचपन में मैंने लखनऊ में हिंदू-मुसलमान नहीं, बल्कि शिया-सुन्नी मुसलमानों का दंगा देखा है। ये हिंदुओं को जाति में बांटने का काम करते हैं और अपना उल्लू सीधा करते हैं।'