रविवार शाम की घटना है। नवीन नगर में शिव मंदिर के पास काले रंग की थार ने सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी और कार में टक्कर मार दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकलकर आ गए और थार की तरफ जाने लगे। तभी चालक थार को लेकर वहां से भागने लगता है। हड़बड़ाहट में वहां से भागते समय वह एक महिला को टक्कर मार देता है और पहिये के नीचे कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले जाता है। हालांकि गनीमत रही कि जिस समय महिला सड़क पर गिरी, तभी कार बंद हो गई, जिससे उसकी जान बच गई। इस बीच दो व्यक्तियों ने भी बामुश्किल वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। घटना का पता चलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि थार को नाबालिग चला रहा था, जो इसी कॉलोनी का रहने वाला है। उधर, थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित ही इसमें कोई कार्रवाई नहीं चाहते। उन्होंने लिखित में दे दिया है।