ई-रिक्शा चालक की हत्या का खुलासा देहात कोतवाली पुलिस ने कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तारी किया है। दोस्त ने ही ज्यादा स्मैक पिलाकर ई-रिक्शा चालक को मार डाला था। पुलिस ने ई-रिक्शा, आधार कार्ड सहित अन्य कागजात बरामद किए।
पुलिस लाइन में एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 12 अगस्त को देहात कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। मृतक के भाई मिनवाक ने तहरीर देकर बताया था कि 10 अगस्त को उसका भाई इस्लाम ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था। 12 अगस्त को उसका शव चुनमुन के बाग में पड़ा मिला था। शव जला हुआ था। बारिश होने के कारण शव क्षत-विक्षत हो गया था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले। सीसीटीवी में जुनैद नाम एक युवक इस्लाम की ई-रिक्शा में बैठा हुआ दिखाई दिया, जो ट्रक परिचालक का काम करता है।
रविवार को चेकिंग के दौरान जुनैद दतौली रांघड़ से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की बैटरी खरीदने वाले फैजान को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की ई-रिक्शा, चार बैटरी, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और एक वोटर आईडी के साथ कार बरामद हुई है।
दोनों साथ में करते थे नशा
पूछताछ के दौरान हत्यारोपी जुनैद ने बताया कि उसने इस्लाम की ई रिक्शा लूटकर बेचने के लिए हत्या की थी। दोनों दोस्त थे और एकसाथ स्मैक का नशा करते थे। 10 अगस्त को भी दोनों ई-रिक्शा में बैठकर हलालपुर के जंगल में चुनमुन के बाग में पहुंचे। इस्लाम को उसने ज्यादा स्मैक पिला दी, खुद कम पी थी। जब इस्लाम ज्यादा नशे में हो गया तो नाक व मुंह दबाकर मार दिया। उसने जलाने की कोशिश, लेकिन बारिश होने के कारण शव पूरा जल नहीं पाया था। आरोपी फैजान ने बताया कि जुनैद मेरे पास आया था। उसने चोरी की बैटरी खरीदने के लिए कहा था। उसके कहने पर कार में सामान का लाया था। सामान के 14 हजार रुपये दिए थे।