थाना पुलिस को स्मैक तस्करों को पकड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर व दो सगे भाई समेत चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह सभी क्षेत्र के आसपास गांवों, होटल और ढाबों में स्मैक की तस्करी करते थे। इनके पास से 605 ग्राम स्मैक पाउडर, स्कूटी और बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि स्मैक की कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
पुलिस लाइन में एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि सोमवार को थाना प्रभारी विनोद कुमार टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सुंदरपुर शाकंभरी मार्ग पर हिंडन नदी से आगे बाइक व एक्टिवा सवार चार लोगों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से चार पॉलिथीन में 605 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। पकड़े गए तस्करों में मुस्तफा व साजिद पुत्रगण खलील निवासी खिड़का भटकवा कोतवाली बेहट, साजिद पुत्र इकराम निवासी ढोलीखाल सहारनपुर, राशिद पुत्र कमरू निवासी घाटमपुर थाना नकुड़ हैं।
इनमें से आरोपी साजिद थाना कुतुबशेर का हिस्ट्रीशीटर है। एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ में एक और मुख्य व्यक्ति का नाम प्रकाश में आया है, जो इनके साथ मिलकर बड़े पैमाने पर स्मैक का काम करता है। जिसकी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि काफी समय से गिरोह बनाकर स्मैक का कारोबार करते आ रहे हैं। एसएसपी ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।