कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला खाताखेड़ी निवासी आसिफ झाड़ फूंक का कार्य करता है और शादीशुदा है। पिछले दिनों आंध प्रदेश के जनपद विजयवाड़ा जनपद निवासी तस्लीमा (24) पुत्री नजीर अहमद की हैदराबाद में आसिफ से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और फोन पर भी बात करने लगे।
कुछ दिन पहले आसिफ मानकमऊ निवासी अपने दोस्त तैय्यब के साथ तस्लीमा से दिल्ली में मिला और उसे कार से अपने साथ सहारनपुर ले आया। आसिफ ने जिले में कई स्थानों पर किराए पर मकान में तस्लीमा को रखा। युवती अपने साथ में करीब 10 तोले सोने के जेवरात भी लेकर आई थी।
विजयवाड़ा में परिजनों ने तस्लीमा के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज करा रखी थी। कॉल डिटेल के आधार पर आंध प्रदेश पुलिस सोमवार की सुबह सहारनपुर के कोतवाली मंडी पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से आसिफ और तैय्यब को पकड़ लिया गया। आसिफ ने तस्लीमा को नदी में धक्का देना स्वीकार कर लिया।
पहले से शादीशुदा है आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तस्लीमा आसिफ से शादी करने की जिद कर रही थी, लेकिन वह पहले से शादीशुदा था। उसने तस्लीमा को कहा कि पहले वह अपनी पत्नी को तलाक देगा और फिर शादी करेगा। इसके बाद आसिफ ने अपने दोस्त की मदद से तस्लीमा से पीछा छुड़ाने को प्लान बनाया।
आसिफ और तैय्यब युवती को हथिनीकुंड बैराज पर घुमाने ले गए। वहां पर युवती के साथ उन्होंने फोटो खींचे। इसके बाद तीनों वापस आ गए। 18 जुलाई को आसिफ तस्लीमा को दोबारा हथिनी कुंड बैराज पर ले गया और वहां पर उसे यमुना नदी में धक्का दे दिया।
एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने बताया कि विजयवाड़ा में मामला दर्ज है। आरोपियों को गिरफ्तार कर हैदराबाद पुलिस के हवाले कर दिया गया है। सर्च ऑपरेशन चलाकर युवती के शव को तलाश कराया गया जिसके बाद हथिनी कुंड बैराज से उसका शव बरामद हो गया।