रालोद नेताओं ने किया गांवों में जनसंपर्क
सहारनपुर। नकुड़ में तीन मार्च को रालोद की होने वाली किसान पंचायत को सफल बनाने के लिए पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया।
उन्होंने कहा कि यदि किसान अब भी एकजुट नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। रविवार को वजीदपुर, ढिक्का, समसपुर, टपरी कुंडा, सिकंदरपुर, कुंडा कला, कुंडा खुर्द आदि विभिन्न गांवों में बैठक कर चौधरी यशवीर सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में आज तक किसी आंदोलन में इतनी जाने नहीं गई, जितनी इस किसान आंदोलन में गई हैं। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैया छोड़ने को तैयार नहीं है। अगर किसान एक नहीं हुए तो वह अपनी जमीन पर मालिकाना हक खो देंगे। उन्होंने तीन मार्च को किसान पंचायत में भारी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
बैठकों के बाद रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह का लिखा पत्र ‘चलो गांव की ओर, मेरा संगठन आपके द्वार’ बांटे गए। जनसंपर्क के दौरान युवा रालोद के राष्ट्रीय महासचिव अशरफ अली खान, अल्ताफ भैंसानी, अब्दुल गफ्फार चेयरमैन, अजीम बेग, राव साजिद आदि मौजूद रहे। उधर, प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी अय्यूब हसन के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांवों में जनसंपर्क किया। उन्होंने पिलखनी, अलीपुरा, बीदपुर और सरुरपुर में नुक्कड़ सभाएं कर पंचायत में बड़ी संख्या में भागेदारी करने का आह्वान किया।