शाकंभरी। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी पर मंगलवार को काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां भगवती जगदजननी के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। देर शाम नदी का जल स्तर बढ़ने पर श्रद्धालुओं को भूरा देव मंदिर पर रोक दिया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम बाबा भूरादेव मंदिर में दर्शन किए इसके बाद मां शाकंभरी देवी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। सुबह से ही सिद्धपीठ में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शाम करीब 4:30 बजे अचानक शाकंभरी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। नदी के तेज बहाव को देखते हुए शाकंभरी देवी चौकी पुलिस ने एहतियात बरतते हुए श्रद्धालुओं और दुकानदारों को अलर्ट कर दिया।
पुलिस ने भूरादेव मंदिर के पास नदी पर श्रद्धालुओं को रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी। वहीं सिद्धपीठ क्षेत्र में मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित मां के दर्शन कराने के बाद बाहर निकाल दिया गया। देर शाम तक भूरादेव नदी पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही लेकिन नदी के बढ़ते बहाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर सभी श्रद्धालुओं को समझाकर भूरादेव से वापस भेज दिया।