छुटमलपुर।बिहारीगढ़। शिवालिक जंगल से एलिवेटेड रोड निकलने के बाद वन विभाग द्वारा पुराने देहरादून मार्ग को स्थानीय लोगों के लिए भी पूरी तरह बंद किए जाने को लेकर बेहट विधायक उमर अली खान ने मोहंड पहुंच वन रेंजर से वार्ता की। वार्ता के बाद तय किया गया कि मोहंड, सोढ़ीनगर के निवासी और वन गुर्जर बिना किसी रोकटोक के पुराने देहरादून मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
बता दें, कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान गणेशपुर से आसारोडी तक शिवालिक जंगल के ऊपर से एलिवेटेड रोड बनाया गया है। इसके बाद से जंगली जानवरों की सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने पुराने मोहंड मार्ग को देहरादून जाने वाले वाहनों के लिए बंद कर दिया था। वन अधिकारियों का तर्क था कि इससे जंगली जानवरों की स्वछंदता प्रभावित होती है। इसके चलते मोहंड, सोढीनगर और जंगल में बसे वन गुर्जरों को देहरादून जाने के लिए लंबा चक्कर काटना पड़ रहा था। उन्हें पहले गणेशपुर आना पड़ता था और उसके बाद वहां से एलिवेटेड रोड के माध्यम से देहरादून जाते थे। ग्रामीणों ने इस समस्या को विधायक उमर अली खान के समक्ष रखा था। विधायक ने इस मुद्दे को दिशा की बैठक में भी उठाया था।
इसके बाद विधायक उमर अली खान कार्यकर्ताओं के साथ मोहंड पहुंचे। वहां उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी लव सिंह से वार्ता की। इसके बाद इस बात पर सहमति बन गई की स्थानीय लोग पुराने मार्ग से देहरादून जा सकेंगे। इस दौरान सपा के विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष रागिब अली, पूर्व प्रधान गुलसनव्वर, ग्राम प्रधान चरण सिंह राठौर, अशफाक अहमद, रिजवान राणा, शाहनवाज अली, अजय राणा आदि मौजूद रहे। उधर, वन क्षेत्राधिकारी लव सिंह ने बताया कि यह सुविधा मोहंड, सोढीनगर और वन गुर्जरों को दी गई है।