सहारनपुर। गर्मी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में एक-एक पानी की बूंद बहुत महत्व रखती है। शहर में कई जगहों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में राहगीरों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं, हैंडपंप सूखे पड़े हैं तो पर कहीं पर वाटर कूलर खराब है। प्रशासन की ओर से पानी व्यवस्था सुचारु कराए जाने के समय-समय पर दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर दावे खोखले नजर आते हैं।
बृहस्पतिवार को अमर उजाला ने शहर की स्थिति देखी तो कई जगहों पर हैंडपंप सूखे पड़े मिले। नवाबगंज चौक एक हैंडपंप लगा है, जो कई दिनों से सूखा पड़ा है, जबकि इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसी तरह बेहट रोड पर लगे हैंडपंप भी लंबे समय से सूखे पड़े हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल में आरओ वाटर कूलर लगाया गया था, जो लंबे समय से खराब पड़ा है। ऐसे में यात्रियों के तीमारदारों को गर्मी के बीच पानी लेने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।
इसी तरह रोडवेज बस स्टैंड पर भी पानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। वहीं, नवीन मंडी स्थल में पांच वाटर कूलर लगे हैं, जिनमें से वर्तमान में तीन खराब पड़े हैं। ऐसे में यहां आने वाले किसानों, लोगों और आढ़तियों को शुद्ध पानी के लिए तरसना पड़ता है।
-- सहारनपुर नवीन मंडी के आढ़ती प्रदीप गोयल ने बताया कि मंडी के रोजाना सैकड़ों लोग आते है, गर्मी में पेयजल की सुविधा नहीं है। दो वॉटर कूलर ही चल रहे है, मगर उनके फिल्टर बदले अरसा बीत गया। शुद्ध पेय जल नहीं मिल रहा है।
- नवीन मंडी के व्यापारी नितिन कुमार ने बताया कि मंडी के कोई भी हैंडपंप नहीं है। अब भला ऐसी गर्मी में यहां आने वाले लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। शिकायत के बावजूद सभी वॉटर कूलर ठीक नहीं कराए गए।
-हकीकत नगर निवासी दवा कारोबारी विरेंद्र बहल कहते हैं कि नगर निगम की ओर से प्याऊ के इंतजाम नहीं है। हैंडपंप भी सही से पानी नहीं दे रहे हैं।
-कोर्ट रोड के रेस्टोरेंट कारोबारी गुरमेहर सिंह कहते है कि मौसम का पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पास चल रहा है। भीषण गर्मी में प्रशासन को पेयजल की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि नागरिकों और राहगीरों को गर्मी में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने से राहत मिल सके।
कई जगहों पर उखड़ गई टंकियां
शहर में इन दिनों स्मार्ट सिटी के तहत सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है। इसके तहत शहर की सड़कों पर खोदाई की जा रही है। कुछ जगहों पर काम पूरा कराने के बाद सड़क भी बना दी गई, लेकिन जहां पर टंकियां लगी थी वह उखड़ी पड़ी है। कोर्ट रोड और जीपीओ रोड की टंकी टूटी पड़ी है। इसी तरह घंटाघर पर लगा हैंडपंप अक्सर खराब रहता है।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध जल की व्यवस्था कराई जाएगी, जहां पर हैंडपंप खराब पड़े हैं, उनको ठीक कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें किसी भी स्तर पर कर्मचारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।----अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी
मंडी समिति में खराब पड़ा वाटर कूलर- फोटो : SAHARANPUR
प्रदीप गोयल- फोटो : SAHARANPUR
नितिन- फोटो : SAHARANPUR
विरेन्द्र बहल- फोटो : SAHARANPUR
नवाबगंज पुलिस चौकी के बाहर सूखा पड़ा हैंडपंप- फोटो : SAHARANPUR
बेहट़ रोड़ पर सूखा पड़ा हैंडपंप जो की जमीन आधा जा चुका है- फोटो : SAHARANPUR