सहारनपुर में हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला में शनिवार की रात जनमंच प्रेक्षागृह में एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति का जज्बा दर्शकों में भरा। इस दौरान उड़ी के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में पहली प्रस्तुति रजनी ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी, जो शहीद हुए हैं उनकी जरा याद करों कुर्बानी’ गीत से की।
नन्ही विदुषी ने देश रंगीला-रंगीला गीत पर नृत्य की बेजोड़ प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी। नन्हे कलाकार ने ‘नन्हा मुन्ना राही हूं देश का सिपाही हूं’ गीत सुनाया। अली खान ने ‘लिपटे हुए हैं आज कफन से’ गाकर सभी को भाव विभोर कर दिया।
वहीं एक नन्हे कलाकार ने ‘ पापा क्यों आए हैं तिरंगे में लिपटकर’ पर अपनी प्रस्तुति से सभी को भावुक कर दिया। नगर आयुक्त ओपी वर्मा ने कहा कि आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। इसका श्रेय सीमा पर डटे जवानों को जाता है।
एडीएम-प्रशासन एससी दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर, विधायक राजीव गुंबर और सीओ द्वितीय अब्दुल कादिर, नागरिक सुरक्षा कोर के चीफ वार्डन राजेश जैन ने भी संबोधन किया। संचालन मो. यूनुस ने किया। इस दौरान मो. आलम, अनिल शर्मा, नदीम अख्तर, जावेद खान, चंद्रबोस राणा, नीना जैन, हंसराज सैनी, अशोक सैनी आदि रहे।