सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल की ओटी (ऑपरेशन थियेटर) पूरी तरह नए रूप में तैयार हो गई है। ओटी के नवीनीकरण पर लाखों रुपया खर्च किया गया है। चूंकि कुछ कार्य चल रहे हैं ऐसे में अभी तक बिल तैयार नहीं किए गए हैं। इसके अलावा अस्पताल प्रशासन आईसीयू का भी नवीनीकरण करा रहा है, जिसका करीब 70 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। दावा है कि कई निजी अस्पतालों तक में इस स्तर की ओटी और आईसीयू नहीं होगा।
जिला अस्पताल की ओटी में महीने में बड़ी संख्या में ऑपरेशन होते हैं। ओटी वर्षों पुरानी थी, जिसकी दीवारों पर सीलन और फर्श टूटे हुए थे। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की ओर से कुछ माह पहले ओटी के नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था जो मंजूर कर लिया गया। उसके बाद अस्पताल प्रशासन ने ओटी का नवीनीकरण कराया गया है, जिसमें ओटी के फर्श पर टाइल्स बिछाई गई है। दीवारों और छतों तक को नया कर दिया गया है। खास बात यह है कि ओटी का पूरा सामान, जिसमें ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और मशीनें भी नई खरीदी गई हैं। इसके अलावा अब आईसीयू के नवीनीकरण का कार्य चल रहा है। पूरे आईसीयू में भी टूटे फर्श पर अब नई टाइल्स बिछाई गई हैं। बेड से लेकर सभी उपकरण तक नए खरीदे गए हैं। आईसीयू को दस बेड से बढ़ाकर अब 12 बेड का किया जा रहा है। खास बात यह है कि आईसीयू में चार नए वेंटीलेटर रखे गए हैं।
करीब 30 लाख रुपये खर्च का अनुमान
ओटी पर हुए कार्यों में करीब 20 लाख रुपये खर्च का अनुमान है। चूंकि अभी बिल नहीं तैयार हुए हैं ऐसे में सही आंकड़ा नहीं है। इसके अलावा आईसीयू पर भी करीब दस लाख रुपये के खर्च का अनुमान लगाया गया है।
ओटी काफी पुरानी है, जिसमें तमाम उपकरण और मशीनें काफी पुरानी हो गई थीं। इसी प्रकार आईसीयू भी काफी पुराना हो गया था। जिनके नवीनीकरण के लिए हमने शासन को प्रस्ताव भेजा था, जो मंजूर हो गया। ओटी के नवीनीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। आईसीयू भी अगले दस से 15 दिन में तैयार हो जाएगा।
डॉ. आभा वर्मा, प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल।
जिला अस्पताल का आईसीसीयू वार्ड- फोटो : SAHARANPUR