सुबह दस से शाम पांच बजे तक चलेगी रिहर्सल, चिकित्सा विभाग ने पूर्ण की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोरोना से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आज फिर से रिहर्सल हो रही है। फुल रिहर्सल का मकसद कमियों को चिह्नित कर समय रहते दूर कर लेना है। जिससे जरूरत पड़ने पर कोई समस्या मरीजों के सामने न आए। रिहर्सल को लेकर चिकित्सा विभाग ने तैयारी पूर्ण कर ली है।
प्रभारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि फुल रिहर्सल कोरोना के इलाज के लिए तैयार किए गए पीआईसीयू, सरकारी अस्पतालों में तैयार कोविड वार्डों, आइसोलेशन वार्डों, पैथोलॉजी लैब, ब्लॉक स्तरीय चिकित्सालय, ऑक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता का निरीक्षण करना है। रिहर्सल में नामित चिकित्सा अधिकारी, कोविड ड्यूटी के लिए तैयार चिकित्सक, नर्स, वार्ड ब्वाय, कोविड वार्डों में काम करने वाले सफाईकर्मी, एंबुलेंस चालक, फैसिलिटी पर तैनात फार्मेसिस्ट व लैब टेक्नीशियन शामिल होंगे। रिहर्सल सुबह दस से शाम पांच बजे तक चलेगी। रिहर्सल में सर्विलांस गतिविधियों, ऑक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता, उत्पादित ऑक्सीजन की समय-समय पर रीडिंग की जाएगी। बीएसएल-2 प्रयोगशालाओं में जांच मशीनें चल रही हैं या नहीं? दवा उपलब्ध हैं या नहीं, लैब में स्टाफ पूरा है या नहीं तथा कितनी जांच अभी तक हुई हैं। यह भी देखा जाएगा।