सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित क्षेत्रों के कामगारों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराया जाए। इससे संबंधित विभाग अपने लक्ष्यों को योजनाबद्ध तरीके से ग्राम स्तर पर पूरा कराएं।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में असंगठित कामगारों के ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि असंगठित कामगारों के पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया एवं पात्रता तथा असंगठित कर्मकारों का पंजीकरण कराया जाए। इनमें फल विक्रेता, सब्जी विक्रेता, डेरी कर्मकार, दुकानों पर कार्य करने वाले कामगार, रिक्शा चालक, हाथ ठेला चलाने वाले कर्मकार, माली, नाई, प्रवासी कामगार, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, मनरेगा एवं कृषि कामगार, मछुआरा, ट्रक चालक, निर्माण श्रमिक आदि असंगठित क्षेत्र के कर्मकार शामिल हैं। उन्होंने कृषि, स्वास्थ्य, मनरेगा, आंगनबाड़ी, एनअरएलएम विभाग को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों से संबंधित लक्ष्यों को योजनाबद्ध तरीके से ग्राम स्तर तक पूरा कराएं। इस दौरान परियोजना निदेशक देवेंद्र प्रताप, उप श्रमायुक्त शक्तिसेन मौर्य, अपर नगर आयुक्त रवीश चन्द्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीश कुमार, सहायक श्रमायुक्त अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।