पांच स्कूली वाहनों का पंजीयन निरस्त
सहारनपुर। उप संभागीय परिवहन विभाग ने पांच स्कूली वाहनों का पंजीयन निरस्त कर दिया। विभाग की ओर से 448 वाहन स्वामियों को निलंबन के नोटिस जारी किए गए थे। बाकी वाहन स्वामियों को जल्द अपने वाहनों के फिटनेस कराने की चेतावनी दी गई है।
जनपद में संभागीय परिवहन विभाग में 1142 वाहन स्कूलों के पंजीकृत हैं, जिनमें बस, मिनी बस, टाटा मैजिक आदि शामिल हैं। संभागीय परिवहन विभाग ने अप्रैल में शासन के आदेश पर बिना फिटनेस के चल रहे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया था। अभियान में करीब ढाई सौ वाहनों का चालान किया था। मई में विभाग की ओर से 448 स्कूली वाहनों के स्वामियों को फिटनेस नहीं कराने पर निलंबन के नोटिस भेजे थे, फिटनेस नहीं कराने पर पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी थी।
उप संभागीय परिवहन विभाग ने अब कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। पांच स्कूली वाहनों का फिटनेस नहीं कराने पर पंजीयन निरस्त कर दिया है। बाकी को फिर से नोटिस जारी कर दिए हैं। एआरटीओ प्रवर्तन आरपी मिश्रा ने बताया कि दी गई अवधि में फिटनेस नहीं कराया गया तो वाहनों का पंजीयन निरस्त कर दिया जाएगा। इनके अलावा जो वाहन 15 साल पूरे कर चुके हैं, उनका पंजीयन भी निरस्त होगा। उप संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन महेंद्र बाबू गुप्ता ने बताया कि पांच स्कूली वाहनों के पंजीयन निरस्त किए गए हैं। कार्रवाई होने पर 20 वाहन स्वामियों ने वाहनों के फिटनेस के लिए आवेदन किया है।