सहारनपुर। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिन पंजीकृत वेंडरों को दस हजार रुपये का लोन मिला है। वह अब 20 हजार रुपये के लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। वह प्रधानमंत्री स्वनिधि मित्रों को टी-शर्ट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वनिधि मित्रों को टी-शर्ट भी वितरित की।
नगरायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में पंजीकृत ऐसे वेंडरों की सामाजिक और आर्थिक प्रोफाइल तैयार कराई जा रही है, जिन्हें दस हजार रुपये का लोन मिल चुका है। यह प्रोफाइल तैयार कराने का मकसद वेंडरों और उनके परिवारों को केंद्र सरकार की आठ अन्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रोफाइल तैयार करने के लिए आउटसोर्सिंग पर 20 युवक-युवतियों को डूडा द्वारा शहरी आजीविका केंद्र बेरीबाग के माध्यम से नियुक्त किया है। यह युवक जनमंच, नगर निगम, डूडा व सीएलसी तथा नगर निगम क्षेत्र में कैंप लगाकर स्ट्रीट वेंडरों की सोशल प्रोफाइलिंग करने के अलावा लोन व रजिस्ट्रेशन आदि से संबंधित समस्याओं के निदान में भी मदद कर रहे हैं। इन युवकों को विशेष पहचान के लिए डूडा की ओर से टी-शर्ट वितरित की।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल में जिन पटरी दुकानदारों का रोजगार चौपट हो गया था, उनकी आजीविका को पटरी पर लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा पीएम स्वनिधि रोजगार योजना शुरू की गई है। जिन वेंडरों को दस हजार का लोन दिया गया था, उन्हें केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार अब 20 हजार रुपये का भी लोन दिया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जिन वेंडरों ने बाद में पंजीकरण कराया है, वह भी 20 हजार रुपये के लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस मौके पर डूडा के परियोजना निदेशक अनुज प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।