- स्वास्थ्य विभाग ने 30 सितंबर तक चलने वाले अभियान की बनाई कार्ययोजना
- एक मिनट की रील में बताएंगे टीबी के लक्षण, बचाव और इलाज की जानकारी
- विभाग को युवा, छात्र, आम नागरिकों से 100 रील बनवाने का दिया गया लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। टीबी के खिलाफ चल रही मुहिम में अब स्वास्थ्य विभाग डिजिटल प्लेटफॉर्म को हथियार बनाएगा। युवा, छात्र या आम नागरिकों से टीबी के लक्षण, बचाव और इलाज की जानकारी के लिए एक मिनट की रील बनवाई जाएगी। इसके लिए विभाग ने 30 सितंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार की है। शासन ने 100 रील बनवाने का लक्ष्य दिया है।
जिले में छह हजार से अधिक टीबी मरीजों का इलाज चल रहा है। निक्षय पोषण योजना के तहत मरीजों को इलाज के दौरान पौष्टिक आहार के लिए प्रति माह एक हजार रुपये की राशि मिलती है। टीबी जागरूकता के लिए अभियान चल रहा है। इसके बाद भी लोगों में जागरूकता की कमी है। कई बार शुरुआती लक्षणों को सामान्य बीमारी समझकर मरीज जांच और इलाज में देरी कर देते हैं। ऐसे में विभाग अब पारंपरिक जागरूकता कार्यक्रमों के साथ सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का सहारा लेगा।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग टीबी जागरूकता के लिए युवा, छात्र, आम नागरिकों से एक मिनट की रील बनवाएगा। इसमें सरल भाषा में बताया जाएगा कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी रहना, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना और भूख कम लगना जैसे लक्षण टीबी की ओर संकेत कर सकते हैं। इसके साथ ही लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा इलाज लेने का मैसेज दिया जाएगा।
टीम गठित कर तय की जिम्मेदारी
अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीम गठित कर जिम्मेदारियां तय की हैं। टीम स्कूल-कॉलेजों या लोगों से संपर्क कर रील तैयार कराएगी। रील के लिए एक लिंक दिया जाएगा, जिस पर संबंधित को खुद ही रील को अपलोड करना होगा।
वर्जन
शासन से टीबी जागरूकता के लिए 100 रील बनवाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। टीम भी बना दी है। 30 सितंबर तक लक्ष्य को पूरा करना है। - डॉ. सर्वेश कुमार सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी