जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए खरीदे 161 नामांकन पत्र
सहारनपुर। जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए बुधवार को 161 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। अब तक 385 नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं। उधर, रालोद की तरफ से जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों की एक सूची जारी कर दी है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदने शुरू कर दिए हैं। जिला पंचायत के 49 वार्डों में सदस्य पदों के लिए अब तक 385 नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं। रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम भी पार्टी की तरफ से अधिकृत प्रत्याशियों के लिए नामांकन पत्र खरीदने बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्यों के पांच वार्डों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है, जल्दी ही अन्य वार्डों के प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे।
उधर, आजाद समाज पार्टी के मीडिया प्रभारी टिंकू कपिल ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के वार्ड संख्या 9, 16, 44 और 45 पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। इन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। निर्वाचन अधिकारी पूरण सिंह राणा ने बताया कि बुधवार को सदस्य पदों के लिए 161 नामांकन पत्र खरीदे गए हैं।