सहारनपुर। मनोरोगियों को इलाज के लिए अब प्राइवेट डॉक्टरों के पास नहीं भटकना होगा और ना ही उन्हें पैसा खर्च करना पड़ेगा, क्योंकि एसबीडी जिला अस्पताल में मनोरोग विशेषज्ञ की तैनाती कर ओपीडी चालू कर दी गई है। जिला अस्पताल में पहली बार मनोरोग विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किया गया है।
जिला अस्पताल में मनोरोग विशेषज्ञ नहीं होने की वजह से मरीजों को प्राइवेट डॉक्टरों के यहां इलाज कराना पड़ता था। प्राइवेट मनोरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श शुल्क 500 रुपये से 700 रुपये तक है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर मरीज इलाज नहीं करा पाते थे। मगर अब मरीजों के इलाज की पूरी सुविधा एसबीडी जिला अस्पताल में उपलब्ध है। यहां मनोरोग विशेषज्ञ के रूप में डॉ. ख्वाजा खय्याम की तैनाती हुई है, जो एमडी हैं। ओपीडी एसबीडी जिला अस्पताल के 34 नंबर कक्ष में बनाई गई है, जो प्रथम तल पर पैथोलॉजी लैब की बगल में है। यहां डॉक्टर प्रतिदिन सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मरीजों को देखेंगे।
यह है सुविधा
ओपीडी शुरू होने के साथ ही एसबीडी जिला अस्पताल में मनोरोगियों के लिए परामर्श से लेकर सभी तरह की जांच और ज्यादातर दवाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में शायद ही मरीज को इलाज के लिए पैसा खर्च करना पड़े।
मेडिकल कॉलेज में भी है सुविधा
शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भी मनोरोग चिकित्सक पहले से तैनात हैं। यहां डॉ. अंशुमन तिवारी मनोरोगियों का इलाज करते हैं। मेडिकल कॉलेज में मनोरोगियों के इलाज की पूरी व्यवस्था है।
एसबीडी जिला अस्पताल में मनोरोग विशेषज्ञ की तैनाती हुई है। ओपीडी 34 नंबर में शुरू कर दी गई है, जहां डॉक्टर बैठ रहे हैं। हमारे पास जांच की सुविधा भी है। दवाएं कुछ हैं, कुछ के लिए शासन को डिमांड भेजी गई है, जिससे मरीज को दवा के लिए बाहर ना भटकना पड़े।
- डॉ. आभा वर्मा, प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल