सहारनपुर। अखिल भारतीय प्राइवेट आईटीआई मैनेजमेंट एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अशोक मलिक ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से निजी आईटीआई बदहाल हैं।
रविवार को दिल्ली रोड स्थित गुर्जर भवन में आयोजित बैठक में मलिक ने आईटीआई संचालकों को बताया कि एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल उनके नेतृत्व में राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर से मिला । उन्होंने आईटीआई की विभिन्न समस्याओं का जानकारी देते हुए निस्तारण कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया है। मलिक ने कहा कि मौजूदा सरकार शिक्षण संस्थाओं से मुंह मोड़ रही है, जो ठीक नहीं है। आरोप लगाया कि तीन साल से आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों का शुल्क प्रतिपूर्ति का पैसा नहीं आ रहा है। आईटीआई अपने शिक्षकों को मानदेय तक नहीं दे पाई हैं, जिसकी वजह से शिक्षकों की आर्थिक हालत खराब है। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज चौधरी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, जिला उपाध्यक्ष विक्रांत सैनी, चंद्रपाल पप्पू, संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।