फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया आईसीसीसी का उद्घाटन

विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत बने आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लखनऊ से वर्चुअल उद्घाटन किया। स्मार्ट सिटी के अधिकारी उत्साहित नजर आए। दावा है कि अगले छह माह में शहर की अनेक व्यवस्थाएं आईसीसीसी से नियंत्रित और संचालित होंगी।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से स्मार्ट सिटी, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत योजना सहित अनेक योजनाओं के उद्घाटन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम से जुड़ने के लिए सहारनपुर के जनमंच प्रेक्षागृह में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन का प्रसारण हुआ। साथ ही पीएम आवास योजना के 1500 लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी। जनपद में 25715 आवास स्वीकृत हैं, इनमें से 12850 आवास पूर्ण हो चुके हैं। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने स्मार्ट सिटी सहारनपुर में तैयार आईसीसीसी का उद्घाटन किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, दिनेश सेठी, पीओ डूडा डॉ. अनुज प्रताप सिंह, मोहित तलवार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

आईसीसीसी से होगा इन कार्यों का संचालन
सिटी सर्विलांस सिस्टम
सिटी सर्विलांस सिस्टम के तहत शहर भर में 960 कैमरे लगाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों पर बुलेट कैमरे लगाए जा रहे हैं, जो 360 डिग्री पर काम करेंगे। इनके जरिये वाहनों के नंबर तक ट्रेस हो सकेंगे। ऑनलाइन चालान भी कट जाएगा। कैमरे बिना मास्क घूम रहे लोगों को भी चिह्नित करेंगे।
ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम
ट्रैफिक सिस्टम कंट्रोल रूम से संचालित होगा। चौराहों पर यातायात पुलिस की जरूरत नहीं पड़ेगी। यदि कोई यातायात के नियमों का उल्लंघन करेगा तो सीसीटीवी से उस वाहन का नंबर ट्रेस कर घर पर नोटिस भेजा जाएगा। यदि कोई नेत्रहीन या जिस व्यक्ति को कम दिखता हो, उसके लिए सेंसर और स्पीकर लगेंगे। यदि वह सड़क पार कर रहा है और सामने कोई वाहन या बाधा आ रही है तो तुरंत स्पीकर बोलकर सचेत करेगा।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम एंड इमरजेंसी कॉल बॉक्स
यदि किसी व्यक्ति के साथ बाजार में लूट या अन्य घटना होती है तो वह तुरंत इमरजेंसी कॉल बॉक्स में बटन दबाकर सुरक्षा पा सकेगा। यह व्यवस्था महिलाओं के लिए मददगार साबित होगी। वह छेड़छाड़ की घटना पर तुरंत इसका इस्तेमाल कर सकेंगी।
सफाई और अन्य व्यवस्थाएं
शहर की सफाई व्यवस्था पर भी आईसीसीसी से नजर रखी जाएगी। शहर में यदि कहीं गंदगी है तो हाई रिजोल्यूशन कैमरों की मदद से उसे देखकर संबंधित विभाग को सूचना जाएगी।
दुर्घटना पर तुरंत होगा एक्शन
यदि किसी मार्ग या चौराहे पर कोई सड़क हादसा हुआ तो कंट्रोल रूम से उसे देखकर तुरंत संबंधित थाने की पुलिस और चिकित्सा विभाग को सूचना जाएगी, ताकि पुलिस और एंबुलेंस तुरंत पहुंच सके। झगड़ा होने पर भी तुरंत पुलिस को कॉल जाएगी।
प्रधानमंत्री ने आईसीसीसी का उद्घाटन कर दिया है। शहर में ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी व हाई रिजोल्यूशन कैमरे लगाए जा रहे हैं। अगले छह माह में आईसीसीसी पूरी तरह काम करना शुरू कर देगा। - ज्ञानेंद्र सिंह, सीईओ स्मार्ट सिटी सहारनपुर/नगरायुक्त।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें