विद्युत लाइन में फाल्ट से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित
सहारनपुर। घंटाघर क्षेत्र नें स्थित बिजलीघर से जुड़ी विद्युत लाइन में फाल्ट आने के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार को सुबह साढ़े 11 बजे के बाद से शाम पांच बजे तक विद्युत सप्लाई प्रभावित रही। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कुछ लोगों ने बताया कि बिजली आपूर्ति न होने के कारण अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के पूजन कार्यक्रम का प्रसारण भी मोबाइल पर ही देखना पड़ा।
विद्युत लाइन में फाल्ट होने के कारण घंटाघर चौक, गोविंद नगर, राम नगर, पठानपुरा, किशनपुरा और देहरादून रोड सहित अन्य क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। इसके चलते क्षेत्र के कई लोग कंट्रोल रूम पर फोन भी करते रहे। इन क्षेत्रों में पहले भी कई बार विद्युत आपूर्ति बाधित हो चुकी है। यहां ओवरलोड के कारण दो बार ट्रांसफार्मर भी फुंक चुका है। एक बार बिजलीघर के पास ही विद्युत लाइन में आग लगने से विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी। निगम के नगरीय अधीक्षण अभियंता पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि विद्युत लाइन में फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित हुई। फाल्ट को ठीक करा दिया गया है।