सहारनपुर में मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने कहा कि किसानों की समस्याओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चिन्हित कर दंडित किया जाएगा। बाेले, किसान हमारे अन्नदाता हैं, इनकी समस्याओं के निदान में तत्परता और गंभीरता से कार्रवाई की जाए।
उन्होंने धान क्रय केंद्रों को और अधिक क्रियाशील बनाए जाने के भी निर्देश दिए। मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल गुरुवार को जनमंच सभागार में आयोजित मंडलीय रबी उत्पादक गोष्ठी में किसानों को संबोधित कर रहे थे।
गोष्ठी में किसानों में बिजली, गन्ना भुगतान, समिति पर अधिक पैसे लेने, नहरों की सफाई की समस्याओं का समाधान न किए जाने की शिकायत की। जिस पर मंडलायुक्त ने नागल बिजलीघर पर शिकायत रजिस्टर नहीं रखने के लिए सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई के मुख्य अभियंता विद्युत को निर्देश दिए।
उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहरों की सिल्ट सफाई के कार्य में तेजी लाई जाए। हड़ताली अवर अभियंताओं का कार्य दूसरे अधिकारियों को देकर नहरों व रजवाहों की सफाई निर्धारित रोस्टर के अनुसार की जाए।
उन्होंने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को पेराई सत्र शुरू होने से पहले किसानों का गन्ना के बकाया का भुगतान कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी शफक्कत कमाल ने कहा कि चीनी मिलें 10 नवंबर से पूर्व चालू करा दी जाएंगी।
उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि बायो फर्टिलाइजर का उपयोग करें। बायो फर्टिलाइजर के उपयोग से भूमि की उर्वरक क्षमता में कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि जो भी नलकूप खराब हैं, गेहूं की बुवाई से पूर्व ही टेल तक के किसानों को पानी उपलब्ध कराने का प्रयास है।
उन्होंने तितावी चीनी मिल द्वारा गन्ना बकाया के भुगतान में लापरवाही के चलते मिल प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गोष्ठी के बाद मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने जनमंच परिसर में लगी कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कृषि प्रदर्शनी में संबंधित सभी विभागों ने स्टाल लगाए। इस अवसर पर शामली डीएम सुजीत कुमार, सहारनपुर सीडीओ दीपक मीणा, एसपी सिटी संजय कुमार मौजूद रहे।
मंडलायुक्त ने विद्युत निगम के मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर शिकायत रजिस्टरों का निरीक्षण कराकर उसकी रिपोर्ट उनके कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।
जिन केंद्रों पर रजिस्टर में तीन माह से अधिक समय से कोई शिकायत दर्ज नहीं होगी, वहां के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।