सहारनपुर में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा अब शाकंभरी सिद्धपीठ से नहीं, सहारनपुर नगर से शुरू होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जनसभा से ही परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
पार्टी हाईकमान की ओर से पहले जनसभा का स्थान बदलने और अब परिवर्तन यात्रा के स्थान में परिवर्तन करने से तरह तरह के कयास लगाये जा रहे हैं।
बता दें कि प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकालने जा रही है। यात्रा चार चरणों में निकाली जा रही है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में निकलने वाली यात्रा की शुरुआत पांच नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरी झंडी दिखाकर करेंगे। यह यात्रा पहले बेहट विधानसभा क्षेत्र के शाकंभरी देवी सिद्धपीठ से शुरू होनी थी लेकिन पार्टी हाईकमान ने जनसभा का स्थान बदलने के साथ अब यात्रा का स्थान भी बदल दिया है।
परिवर्तन यात्रा अब जनसभा स्थल से ही होगी। यह जनसभा शहर में दिल्ली रोड पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि नए स्थान पर पार्टी हाईकमान की मोहर लगना अभी बाकी है।
पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह अन्य पदाधिकारियों के साथ शुक्रवार को नए स्थान को लेकर विचार विमर्श करेंगे। इस बाद जनसभा और परिवर्तन यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
उधर, पार्टी हाईकमान द्वारा पहले जनसभा के दोनों स्थानों को बदलना और अब परिवर्तन यात्रा के स्थान में भी परिवर्तन करने से तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
इस संदर्भ में पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह का कहना है कि शाकंभरी सिद्धपीठ शहर से दूर होने के कारण स्थान में परिवर्तन किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जनसभा स्थल से ही परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे।