सड़क निर्माण कार्य को रुकवाते ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
सड़क का घटिया निर्माण, ग्रामीणों ने रुकवाया काम
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दिल्ली देहरादून नेशनल हाईवे 307 से घाड़ क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले तकीपुर मार्ग पर ग्रामीणों ने काम बंद करा दिया। सड़क की गुणवत्ता पर सवालिया निशान उठाते हुए ग्रामीणों ने रोष जताया।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पांच किमी तकीपुर मार्ग का चौड़ीकरण व निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शुक्रवार सुबह नीरजपाल, विनय कुमार, पूरण सिंह, समय सिंह, बिनेश कुमार, कबाड़ी, ब्रजपाल, सुनील, सतीश पाल, जगदीश, मुकेश संजय आदि ग्रामीणों ने ठेकेदार पर गुणवत्ता पूर्ण व मानक के अनुसार निर्माण कार्य न कराने का आरोप लगाते हुए काम बंद करा दिया। बताया कि सड़क के दोनों ओर न तो नाला बनाया जा रहा है और न ही मानक के अनुसार निर्माण सामग्री लगायी जा रही है। सीसी निर्माण के दौरान कुछ जगह पर 53 एमएम की रोड़ी नहीं डाली जा रही है। अनिल सैनी, लक्ष्मी चंद, नीरज कुमार, विनोद कुमार आदि ने बताया कि मोटी रोड़ी के ऊपर जहां डस्ट डालनी चाहिये, वहां नालों का रेत डाला जा रहा है। ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित विभाग से जांच के लिये आने वालों के बीच साठगांठ का भी आरोप लगाया। इस संबंध में अधिशासी अभियंता भूरा सिंह का कहना था कि मौके पर एई को भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी।