सहारनपुर। देहरादून रोड स्थित एक गोदाम में वाहनों का कटान अवैध रूप से किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। वहां एक ट्रक को बिना अनुमति के काटा जा रहा था। पुलिस ने गोदाम को सील करके संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात थाना जनकपुरी क्षेत्र में देहरादून रोड स्थित विकास कर्णवाल के गोदाम पर छापा मारा गया, जहां पर वाहनों को काटा जा रहा था। विकास कर्णवाल ने तीन साल पहले विकास ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म बनाई थी, जिसमें पुराने वाहनों को काटा जाता है। मौके पर जांच में पता चला कि पुराने वाहनों को काटने की नियम व शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था। मौके पर मिले ट्रक को काटे जाने के बारे में विकास कर्णवाल दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने थाना जनकपुरी में विकास कर्णवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कार्रवाई के दौरान सीओ प्रथम चंद्रपाल शर्मा, सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी, थाना जनकपुरी, नगर कोतवाली पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेज कब्जे में लिए
पुलिस ने मौके पर सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। गोदाम में बने कार्यालय में रखे कंप्यूटर का डाटा भी चेक किया और दस्तावेज कब्जे में लिए हैं।
कमेटी बनाकर होगी जांच
वाहन कटान के संबंध में जांच कमेटी बनवाई जाएगी, जिसमें पुलिस, एआरटीओ, नगर निगम और जीएसटी अधिकारियों को शामिल कराया जाएगा। ढोलीखाल और मेेला गुघाल क्षेत्र में कटने वाले वाहनों की भी पड़ताल की जाएगी।
चोरी के वाहन काटने की भी आशंका
एसपी सिटी ने बताया कि विकास कर्णवाल द्वारा वाहन काटने में जीएसटी की भी चोरी की गई थी। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को बताया गया है। गोदाम में चोरी के वाहन काटने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।
तीन राज्यों से आते थे वाहन, लगा था स्कूल का बोर्ड
एसपी सिटी ने बताया कि हरियाणा, उत्तराखंड़ और वेस्ट यूपी से वाहन लाकर यहां काटे जाते थे। वाहन किस-किससे खरीदे हैं, इसकी जांच की जा रही है। गोदाम के बाहर स्कूल का बोर्ड लगा मिला है। विकास कर्णवाल ने स्कूल की जमीन ही किराए पर लेकर गोदाम बनाया था।