सहारनपुर। विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू होगी। इसको लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा चक्र तैयार कर लिया है। इसको लेकर जहां रूट डायवर्ट किया गया है, वहीं कलक्ट्रेट के मुख्यद्वार से लेकर कार्यालय तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी।
कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर एक निरीक्षक, दो उप निरीक्षक 20 सिपाही और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। इसी तरह कलक्ट्रेट परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस मौजूद रहेगी। प्रत्येक विधानसभा के नामांकन कक्ष के बाहर भी फोर्स तैनात रहेगी। नोडल अधिकारी एसपी सिटी राजेश कुमार हर समय सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। कोविड गाइडलाइन के मद्देनजर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नहीं आ पाएंगे। इसके साथ ही जुलूस पर भी रोक रहेगी। इसके साथ ही सात बजे से रूट डायवर्जन प्लान लागू हो जाएगा। नामांकन प्रक्रिया में आने वाले छोड़कर अन्य वाहनों का संचालन बाईपास से होगा।
सुबह सात बजे से यह रहेगी यातायात व्यवस्था
-- थाना प्रभारी गागलहेड़ी प्रभारी अंबाला की तरफ जाने वाले वाहनों को बाईपास से निकलवाएंगे। नामांकन के लिए आने वाले वाहनों को नहीं रोका जाएगा।
-- देहरादून की तरफ जाने वाले वाहन भी सरसावा में बाईपास से होकर जाएंगे।
-- दिल्ली की तरफ से देहरादून व अंबाला की ओर जाने वाले वाहन रामपुर मनिहारान में बाईपास से होकर जाएंगे।
-- नागल की तरफ से आने वाले वाहनों को बाईपास से देहरादून, अंबाला और शामली की तरफ निकाला जाएगा।
-- रामपुर मनिहारान से शहर की तरफ आने वाले वाहन हसनपुर चौक, सर्किट हाउस मार्ग से होकर घंटाघर जाएंगे।
-- देहरादून की तरफ से शामली व दिल्ली जाने वाले वाहन घंटाघर, अंबाला रोड, सर्किट रोड से होकर हसनपुर तिराहे होते हुए जाएंगे।
नामांकन प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा प्लान तैयार कर लिया गया है। कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। इसके साथ ही वीडियोग्राफी भी की जाएगी। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। -आकाश तोमर, एसएसपी