सहारनपुर पुलिस ने गुरुवार सुबह बदमाशों के साथ मुठभेड़ में एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 30 पेटी अंग्रेजी शराब, एक सफारी गाड़ी, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गुरुवार सुबह पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया। पकड़ा गया बदमाश मेरठ के टीपीनगर थानाक्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार जनपद के थाना कुतुबशेर और एसओजी की गुरुवार सुबह गांव उंगली के जंगल बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की गई।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। इसके बाद पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में उपचार दिलाया, जबकि दूसरा बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहा।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश मनीष शर्मा पुत्र लक्ष्मीचंद निवासी चन्द्रलोक कालोनी थाना टीपीनगर, मेरठ का रहने वाला है, उसके पैर में गोली लगी है।
आरोपी के कब्जे से 30 पेटी अंग्रेजी शराब, एक सफारी गाड़ी, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
आरोपी शराब का बड़ा तस्कर है, जो मेरठ सहित आसपास के जिलों में दूसरे राज्यों से लाकर शराब की सप्लाई करता था। फरार बदमाश की गिरफ्तारी को भी पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।