चिलकाना/मिर्जापुर। उदयपुर की घटना को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई। क्षेत्र में पूर्ण रूप से शांति रही। बुधवार की शाम पुलिस ने चिलकाना बस स्टैंड, मुख्य बाजार तथा पुलिस चौकी पठेड़ क्षेत्र में पैदल मार्च निकाला। लोगों को शांति बनाए रखने के लिए कहा गया।
मिर्जापुर थाना क्षेत्र में भी जगह जगह पुलिस तैनात की गई थी। मिर्जापुर पौल कस्बे के शाहपुर गाड़ा रोड के मुख्य चौराहे पर जहां दिनभर काफी संख्या में पुलिस की तैनाती रही वहीं हरियाणा, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश की सीमावर्ती हथनीकुंड व बादशाही बाग पुलिस चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरती गई। थाना प्रभारी इंसपेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि पूरे क्षेत्र में शांति का माहौल है फिर भी एहतियात के तौर पर चौकसी बरती जा रही है।