पुलिस द्वारा पकड़े गए चोर और बरामद सामान
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। पुलिस ने बंद पड़े स्टोन क्रेशरों और किसानों के खेतों पर लगे नलकूपों पर चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। इनके कब्जे से चोरी किए गए तांबे और बिजली के तार, अवैध असलहा, कारतूस और एक बाइक पुलिस ने बरामद की है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पकड़े गए चोर शातिर किस्म के हैं और उनका आपराधिक इतिहास है।
बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि बुधवार की रात सवा नौ बजे पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मदनपुरा रपटे पर चार संदिग्ध लोगों को खड़े देखा। उन्हें रुकने का का इशारा किया तो वे पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी के बाद सभी को दबोच लिया। पकड़े गए अफसान पुत्र लाली, साऊद पुत्र अव्वल और जुल्फान पुत्र कामिल निवासीगण कोठरी बहलोलपुर थाना बिहारीगढ़, मुनीर पुत्र अमीर निवासी मोहल्ला मनिहारान बेहट के पास से दो बोरों में 58 किलो तांबे का तार, 11 किलोग्राम बिजली का तार, एक बाइक, दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा, तीन कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने उक्त तार बंद पड़े स्टोन क्रेशरों तथा किसानों के नलकूपों से चोरी किए मोटरों से निकाला है।
पकड़े गए चोरों का आपराधिक इतिहास है। इनमें अफसान पर नौ, जबकि अन्य तीनों चोरों पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। मनोज चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।