सहारनपुर। मुजफ्फरनगर में रविवार होने वाली किसान महापंचायत को लेकर जनपद में भी पुलिस सतर्क हो गई है। इसके साथ ही यहां से बड़ी संख्या में मुजफ्फरनगर पुलिस फोर्स भेजी गई है। 15वीं पीएसी वाहिनी आगरा से आईपीएस नरेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी बनाकर सहारनपुर भेजा गया।
मुजफ्फरनगर में होने वाली किसान महापंचायत में हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के किसान सहारनपुर के रास्ते से होकर निकलेंगे। इसको देखते हुए शासन के निर्देशानुसार जनपद पुलिस भी सतर्क हो गई है। एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने समस्त थाना प्रभारियों व सीओ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन इलाकों में पुलिस फोर्स तैनात रहेगी, जहां-जहां से किसान होकर निकलेंगे। इसको लेकर एसएसपी ने जनपद की सीमाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही एसपी सिटी राजेश कुमार व एसपी देहात अतुल शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनपद में कई जगहों पर भ्रमण किया। एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस चौकस है।
वहीं, 15वीं पीएसी वाहिनी आगरा से आईपीएस नरेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी सहारनपुर बनाया गया है, जो जिले की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही डीआईजी और उच्चाधिकारियों को पल-पल की रिपोर्ट देंगे।
सहारनपुर से भेजा इतनी फोर्स
जनपद से एसपी ट्रैफिक प्रेमचंद, सीओ प्रथम चंद्रपाल शर्मा, सीओ बेहट, आठ निरीक्षक, 35 उपनिरीक्षक, 45 हैड कांस्टेबल, 150 कांस्टेबल, 20 महिला कांस्टेबल, एक कंपनी पीएसी को मुजफ्फरनगर भेजा गया है, जिन्होंने मुजफ्फरनगर की पुलिस लाइन में शनिवार को अपनी आमद दर्ज कराई है।