-- शराब और मादक पदार्थों के तस्करों को पकड़ने की कवायद तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। चुनाव में शराब का इस्तेमाल होने की आशंका के चलते तस्करों को पकड़ने के लिए चौकसी बढ़ाई है। इसके अलावा मादक पदार्थों के तस्करों को पकड़ने के साथ ही सुरक्षा को लेकर भी व्यूह रचना की गई है।
जनपद में हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल से सटे इलाकों में बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को चेक किया जाएगा। इसको लेकर पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। जिले में हरियाणा से शराब की तस्करी होने के मामले आए दिन सामने आते हैं। पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन फिर भी तस्करों के हौसले बुलंद हैं।
चुनाव के मद्देनजर लखनऊ में आयोजित हुई भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की बैठक में शराब तस्करों को पकड़ने और चुनाव को लेकर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश स्थानीय अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके बाद जिले में पुलिस ने चौकसी बढ़ाई है। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। चुनाव के मद्देनजर सहारनपुर के उन इलाकों में ज्यादा चौकसी की जा रही है, जो उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की सीमा से मिलते हैं। इसको लेकर पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेगा। इसको लेकर संबंधित थाना प्रभारियों और सीओ को निर्देशित किया गया है।