सहारनपुर। पांवधोई नदी को स्वच्छ बनाने के लिए सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम शनिवार को नदी किनारे बसे लोगों और व्यापारियों के पास पहुंचे। उन्होंने लोगों को नदी में कचरा नहीं डालने की शपथ दिलाई।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम ने पांवधोई नदी किनारे कूड़ा मुक्ति दिवस मनाया। नदी को स्वच्छ रखने के लिए स्थानीय लोगों के घर और प्रतिष्ठानों पर जाकर लोगों को जागरूक किया। साथ ही उन्हें नदी को गंदा नहीं करने और अन्य लोगों से भी गंदा नहीं करने देने की शपथ दिलाई । सहायक नगरायुक्त ने लोगों को समझाया कि यदि हम प्राकृतिक जल स्त्रोतों को स्वच्छ नहीं रखेंगे तो धरती से मिलने वाला पानी भी दूषित ही मिलने लगेगा। उन्होंने लोगों से पांवधोई नदी का प्राचीन स्वरूप लौटाने के लिए नदी में कूड़ा कचरा न डालने की अपील की। इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर, चंद्रपाल सिंह, पांवधोई समिति की वीना बजाज, साध्वी सविता, पार्षद भूरा सिंह प्रजापति, नंदकिशोर, सफाई नायक मनमोहन, सुपरवाइजर प्रकाश आदि शामिल रहे।
विद्यालयों को सैनिटाइज किया
सहारनपुर। कक्षा नौ से 12 तक के लिए माध्यमिक विद्यालय सोमवार 16 अगस्त से खुल रहे हैं। ऐसे में नगर निगम के द्वारा विद्यालयों को सैनिटाइज किया जा रहा है। शनिवार को निगम ने शहर के कई विद्यालयों को सैनिटाइज कराया।
कोरोना से बचाव को हवन किया
सहारनपुर। कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह की उपस्थिति में नवादा रोड स्थित कान्हा उपवन गौशाला में हवन किया। इसमें शहर के प्रबुद्घजनों से हिस्सा लिया। शनिवार की प्रात: वेद मंत्रोच्चार के साथ हुए हवन में देश और सहारनपुर के नागरिकों को कोरोना की तीसरी लहर से बचाने की प्रार्थना की ।अश्विनी सुखीजा ने अपने पिता की पुण्यतिथि पर हवन कराया। इसमें नीरू सिंह, अर्चित अग्रवाल आदि शामिल रहे।