सहारनपुर। गंगोह ब्लॉक में तैनात पंचायत सचिव गौरव शर्मा को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने निलंबित किया है। साथ ही पंचायत सहायक साबिर की बर्खास्तगी के निर्देश दिए हैं। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, गंगोह ब्लॉक के गांव खानपुर गुर्जर में तैनात पंचायत सचिव गौरव शर्मा पर सीआरएस पोर्टल की आईडी और पासवर्ड पंचायत सहायक साबिर को देने के आरोप थे। साबिर ने कई लोगों के फर्जी तरीके से बिना उच्चाधिकारियों के मामले को संज्ञान में लाए मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत और निरस्त कर दिए। मामले में शिकायत के बाद मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने दो सदस्यीय टीम गठित की। गठित टीम में जिला विकास अधिकारी धीरेंद्र कुमार और जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अजय कुमार को मामले की जांच सौंपी। जांच के बाद समिति ने अपनी जांच आख्या दाखिल की। समिति ने जांच में पाया कि साबिर ने पंचायत सचिव के सीआरएस पोर्टल की आईडी पासवर्ड का गलत इस्तेमाल करते हुए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र को न सिर्फ निर्गत किया बल्कि कई निरस्त भी किए।
शासकीय कार्यों में रुचि न लेते हुए पंचायत सचिव ने लापरवाही बरती। जांच आख्या में दोषी पाते हुए जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने पंचायत सचिव को निलंबित किया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार सचिव गौरव शर्मा को वेतन और भत्ते आदि का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही पंचायत सहायक साबिर के खिलाफ भी शासनादेश में दिए प्रावधानों के तहत बर्खास्तगी के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत गंगोह कुशल पाल सिंह को दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के भी आदेश दिए हैं।