सहारनपुर। जनपद में डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं, मगर लैब उनकी सूचना विभाग को नहीं दे रही है। यही वजह है कि सरकारी आंकड़ों में अभी तक डेंगू के कुल 25 मरीज ही हैं। खास बात यह है कि मलेरिया का कोई मामला अभी तक सामने नहीं आया है। उधर, टायफाइड और वायरल बुखार भी जोरों पर है। ओपीडी में पहुंचने वाले बुखार के मरीजों में करीब 25 फीसदी वायरल बुखार और करीब 30 फीसदी टायफाइड के मामले हैं।
इस बार जनपद में डेंगू का पहला मामला 17 अगस्त को सामने आया था। मरीज टपरी कलां का रहने वाला था, जिसने एसबीडी जिला अस्पताल में जांच और इलाज कराया था। अमर उजाला द्वारा डेंगू के मामले का खुलासा होने के बाद चिकित्सा विभाग की टीम ने टपरी कलां में शिविर लगाकर लोगों की जांच की थी, जिसके बाद करीब 15 मरीज और मिले थे। 20 सितंबर तक जनपद में डेंगू के 23 ही मरीज थे, मगर दो मरीज दो दिन पहले सामने आए हैं, जिनके बाद डेंगू के मरीजों की संख्या 25 हो गई है। यह सभी जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज की लैब में पॉजिटिव आए हैं, जबकि प्राइवेट लैब द्वारा की जा रही जांच में भी मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो रही है, जिनका आंकड़ा अभी तक विभाग के पास नहीं है। विभाग ने सभी लैब को निर्देश दिए थे कि वह डेंगू और मलेरिया के मरीजों की सूचना विभाग को दें। उधर, एसबीडी जिला अस्पताल में फिजीशियन की ओपीडी में पहुंच रहे बुखार के मरीजों में ज्यादातर टायफाइड और वायरल बुखार के मरीज हैं। अच्छी बात यह है कि ज्यादातर मरीज दवा लेकर ठीक हो रहे हैं। यानी उन्हें भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
जनपद में अभी तक डेंगू के 25 मरीज सामने आए हैं। मगर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए विभागीय स्तर से देहात में दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र में निगम द्वारा एंटीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है। वायरल और टायफाइड बुखार भी अब कम है।
डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ।