गंगोह (सहारनपुर)। पानी की निकासी में अवरोध बने अतिक्रमण को हटवाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम का ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। जिसके बाद एसडीएम नकुड़ अपने साथ पुलिस लेकर पहुंचे और अतिक्रमण हटवाकर जल निकासी सुचारु कराई। इसके अतिरिक्त एक अन्य गांव से ग्राम समाज की 75 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलासपुर में इंटर कॉलेज के सामने मार्ग पर ही गंदा पानी भरा रहता है। काफी दिनों से ग्रामीण शिकायत कर रहे थे। जिसपर एसडीएम नकुड हिमांशु नागपाल ने शनिवार को राजस्व निरीक्षक संजय कुमार और लेखपाल कशिश मलिक को अतिक्रमण हटवाने के लिए गांव भेजा। टीम ने कब्जा कटवाना शुरू किया तो विरोध हो गया। इसकी सूचना राजस्व टीम ने एसडीएम को दी। जिसपर एसडीएम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अपने सामने ही अतिक्रमण हटवाया। इसके अलावा नकुड़ कोतवाली के गांव सहसपुर जट्ट से भी 75 बीघा सरकारी भूमि से कब्जा हटवाया गया।
यमुना नदी की 330 बीघा जमीन कराई कब्जा मुक्त
नकुड़। तहसील प्रशासन ने गांव ढिक्का कला स्थित यमुना नदी की 330 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराकर एसडीएम ने पौधरोपण कराया।
शनिवार को एसडीएम हिमांशु नागपाल ने बताया कि गांव ढिक्का कला स्थित यमुना नदी की भूमि को पूर्व में कब्जा मुक्त कराया गया था। एंटी भू माफिया अभियान के तहत शनिवार को भी 330 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराते हुए भूमि में तटबंध किनारे पौधरोपण की शुरूआत की गई है। उन्होंने बताया कि इस भूमि पर पौधरोपण कराया जाएगा। इसके लिए 20 हजार पेड़ के लिए एस्टीमेंट तैयार हो चुका है। इससे बांध को सुरक्षा प्रदान होगी वहीं दूसरी ओर उक्त भूमि भू माफियाओं से भी कब्जा मुक्त बनी रहेगी।