फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मांगेराम और जयवीर के बीच होगा चुनावी मुकाबला

विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा प्रत्याशी मांगेराम चौधरी और संयुक्त मोर्चा के प्रत्याशी जोनी उर्फ जयवीर में सीधा मुकाबला होगा। चुनाव के लिए दो ही नामांकन पत्र जमा कराए गए थे। जांच के उपरांत दोनों के नामांकन पत्र स्वीकार किए गए। अभी रविवार को नाम वापसी का दिन है, जिसके बाद तीन जुलाई को 49 सदस्य मतदान करेंगे।
विज्ञापन

शनिवार को भाजपा प्रत्याशी मांगेराम चौधरी ने आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी, विधायक ब्रजेश सिंह, देवेंद्र निम, किरत सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी, महापौर संजीव वालिया, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा और पूर्व विधायक राजीव गुंबर सहित अन्य नेताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी अखिलेश सिंह को नामांकन पत्र सौंपा। नामांकन पत्र के दो सेट जमा किए गए। नामांकन पत्र में मांगेराम चौधरी के प्रस्तावक अरविंद रहे और मुकेश चौधरी अनुमोदक बने। इस दौरान भाजपा विधायक ब्रजेश सिंह ने कहा कि चुनाव में जीत भाजपा की होगी, उन्हें पूरा विश्वास है और ऐसा भी हो सकता है कि विपक्षी खुद को कमजोर मानकर पर्चा भी दाखिल न कर सकें। वहीं, संयुक्त मोर्चा की तरफ से जोनी उर्फ जयवीर ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें कांग्रेस के सुदेशपाल अनुमोदक बने और रामकिशन प्रस्तावक रहे। जयवीर भी बसपा में हैं और बसपा के टिकट पर ही जिला पंचायत सदस्य बने हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
प्रशासन पर लगाया आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली अपराह्न पौने दो बजे कलक्ट्रेट पहुंचे और एक प्रत्याशी के लिए नामांकन पत्र खरीदना चाहा। अधिकारियों ने उनसे कहा कि नामांकन पत्र 11 बजे तक ही खरीदे जाने का नियम था। इस पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रशासन गलत कर रहा है और जानबूझकर नामांकन पत्र नहीं खरीदने दिया। इसके बाद उन्होंने जोनी उर्फ जयवीर को ही समर्थन देते हुए संयुक्त मोर्चा के तौर पर प्रत्याशी माना और अपनी पार्टी के सुदेशपाल को जयवीर का अनुमोदक बनवाया।
विज्ञापन

63 वर्षीय हैं मांगेराम, 30 वर्षीय जयवीर
भाजपा प्रत्याशी मांगेराम चौधरी (63 वर्षीय) ग्राम अंबोली के रहने वाले हैं। वहीं, जोनी उर्फ जयवीर (30 वर्षीय) ग्राम सुन्हेटी मोहिद्दीनपुर के रहने वाले हैं।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
नामांकन पत्र जमा कराने के दौरान कलक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। कई थानाध्यक्षों को यहां तैनात किया गया था। कलक्ट्रेट गेट पर भी पुलिस का पहरा था और बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोक दिया गया था। नामांकन कक्ष के गेट पर मेटल डिटेक्टर मशीन भी लगाई गई थी। पुलिस के साथ ही खुफिया विभाग की टीम भी सक्रिय रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें