गंगोह। गंगोह-नकुड़ रोड पर शेरमऊ शुगर मिल के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में गांव घाटमपुर निवासी आलिम (50) की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि आलिम अपनी पत्नी फिरदौस के साथ गंगोह की ओर आ रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक बेसहारा गोवंश आ गया। उसे बचाने के प्रयास में आलिम की बाइक और सामने से आ रहे यमुनानगर निवासी परविंदर की बाइक आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों दंपती सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में आलिम व उसकी पत्नी फिरदौस को गंगोह सीएचसी और परविंदर व उसकी पत्नी प्रेमलता को नकुड़ सीएचसी पहुंचाया गया।
गंगोह सीएचसी में डॉक्टरों ने आलिम को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार आलिम ही परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पीछे तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। उधर पुलिस ने बताया कि अभी किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।