शाकंभरी देवी में माता के दर्शनों को पहुंचे श्रद्वालु
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शंकराचार्य आश्रम से भी आगे तक जा पहुंची। दिन भर शिवालिक पर्वत श्रंखलाएं माता रानी के जयकारों से गूंजती रही।
शुक्रवार को चैत्र नवरात्र की चतुर्दशी सिद्धपीठ में श्रद्धालुओं भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चारो ओर भीड़ ही भीड़ नजर आ रही थी। पैदल यात्रियों को भूरादेव से मां के भवन तक पहुंचने में भी काफी समय लग रहा था। श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह 10 बजे तक शंकराचार्य आश्रम से भी बहुत आगे तक जा पहुंची थी। शंकराचार्य आश्रम, रक्तदंतिका मंदिर, संकटमोचन हनुमान मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ ने प्रसाद चढ़ा मन्नतें मांगीं। इस दौरान सिद्धपीठ क्षेत्र में भंडारों का आयोजन किया गया। देर शाम तक शाकंभरी क्षेत्र में आने जाने वाले भक्तों का तांता लगा रहा।