सहारनपुर। लंबी जद्दोजहद और आपत्तियों के बाद आखिरकार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे बनने वाले औद्योगिक गलियारे में जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सदर तहसील के चार गांवों से होने वाली भूमि खरीद के लिए पहले दिन बृहस्पतिवार को दो बैनामे हुए। करीब 2.735 हेक्टेयर भूमि को यूपीसीडा ने खरीदा है।
दरअसल, एक्सप्रेसवे किनारे औद्योगिक गलियारा बनाने की घोषणा की गई थी। अप्रैल में एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए गए। सदर के साथ अन्य तहसीलों में भी जमीन की तलाश की गई। मंशा थी कि जमीन एक्सप्रेसवे के किनारे हो। कई गांवों के किसानों की ओर से विरोध के सुर भी खड़े हुए। इसके बाद सदर तहसील के चार गांव और रामपुर मनिहारान के छह गांवों में जमीन देखी गई।
यूपीसीडा की ओर से सदर तहसील के चार गांव उमाही, बडूली, कुराली, दनियालपुर उर्फ नौजली में 160 हेक्टेयर जमीन को खरीदने की हरी झंडी दी गई। शासन की ओर से जमीन खरीद के लिए करीब 50 करोड़ रुपये भी जारी किए गए। इसके बाद जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू हुई। सदर तहसील के चारों गांव स्टांप एवं पंजीयन विभाग के सब रजिस्ट्रार तृतीय कार्यालय के अधीन आते हैं।
सब रजिस्ट्रार तृतीय रोहित कुमार द्वारा दो जमीनों के बैनामे और रजिस्ट्री की प्रक्रिया को संपन्न कराया गया। इसकी एवज में विभाग को 44,62,300 रुपये की स्टांप ड्यूटी प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि गांव कुराली में मौजूद दो जमीनों के बैनामे हुए हैं। इनमें पहला बैनामा विक्रेता वकीला की ओर से अपनी 0.215 हेक्टेयर जमीन का हुआ है। वहीं दूसरे बैनामों में विक्रेता शहीद, कुरबान, अहसान आदि ने यूपीसीडा के हक में किया है। उन्होंने 2.52 हेक्टेयर जमीन का बैनामा किया। इस बैनामे से रजिस्ट्री विभाग को 41,91,400 रुपये का स्टांप प्राप्त हुआ है। यूपीसीडा की ओर से नायब तहसीलदार बबलू मौजूद रहे।
- सहमति के बाद शुरू हुई प्रक्रिया
किसानों से सहमति पत्र लेने के बाद जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू हुई है। सदर तहसील चार गांवों की 160 हेक्टेयर जमीन के बैनामे होंगे। ऐसे में करीब 500 बैनामे होने का अनुमान है। औद्योगिक गलियारे के निर्माण से स्थानीय कारोबारियों और व्यापारियों को खासी सुविधा मिलेगी। अलग से औद्योगिक क्षेत्र के भी विकसित होने से कारोबार करना और निर्यात आसान होगा।
- रामपुर मनिहारान तहसील में भी देखी जा रही जमीन
रामपुर मनिहारान तहसील के छह गांवों शिवदासपुर, नैनपुर नगला, मोहम्मदपुर गाडा, चकवाली , सिरसली कला, सिरसली खुर्द में जमीन का प्रस्ताव भेजा गया है। करीब 650 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।
सदर तहसील के चार गांवों में यूपीसीडा की ओर से जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू हुई है। अभी दो बैनामे हुए हैं। इससे स्टांप एवं पंजीयन विभाग को 44 लाख रुपये के करीब स्टांप शुल्क मिला है। सभी कार्रवाई नियमानुसार कराई जाएगी।
- बृजेश एस चौधरी, एआईजी स्टांप।