सहारनपुर। क्षेत्र के गांव पुंवारका में मां शाकंभरी देवी राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास की तैयारी जोरशोर से चल रही हैं। संभावना है कि शिलान्यास अब नवरात्र में होगा और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों। उससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां का दौरा कर सकते हैं। इसके चलते तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इसके लिए पुंवारका के आसपास और जनता रोड पर साफ सफाई के अलावा पेड़ों के तने पर भी रंगाई पुताई करा दी गई है।
जनपद के गांव पुंवारका में मां शाकंभरी देवी राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण होना है। यह प्रोजेक्ट सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसका निर्माण कार्य ईश्वर सिंह एंड एसोसिएट्स कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड हिसार (हरियाणा) कराएगी। फिलहाल प्रथम चरण के निर्माण कार्यों पर 9204.53 लाख रुपय े(यानी 92.4 करोड़ रुपये) खर्च होने हैं। पहले चरण के निर्माणकार्य 08 जनवरी 2023 तक पूर्ण किए जाने हैं।
निर्माण कंपनी की तरफ से यहां पर बैचिंग प्लांट लगा दिया है तो साइट ऑफिस भी बन चुका है। वहीं, जनता रोड पर मुख्य मार्ग से बैचिंग प्लांट तक पहुंचने के लिए सड़क बनाई जा रही है। इसके अलावा निर्माण स्थल पर जेसीबी से भूमि को समतल किया जा रहा है। मंगलवार को जनता रोड पर 100 से ज्यादा श्रमिकों ने सड़क किनारे की घास और झाड़ियों की कटाई का कार्य किया। इसके अलावा श्रमिकों की एक टीम राज्य विवि स्थल के आसपास सड़क किनारे खड़े पेड़ों के तनों पर रंगाई पुताई करते नजर आए।
जल्द दौरा कर सकते हैं सीएम
राज्य विवि का शिलान्यास होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर आ सकते हैं, क्योंकि अलीगढ़ में जब प्रधानमंत्री ने विवि का शिलान्यास किया था तो, उससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने दो बार वहां का भ्रमण किया था।
नवरात्र में अहम होगा शिलान्यास
भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव का शंखनाद सहारनपुर जिले से ही किया था। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्राचीन सिद्ध पीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर का दर्शन करने बाद नागल माफी में जनसभा को संबोधित किया था। अब राज्य विवि के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आएंगे तो, जाहिर है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर यहां से सहानरपुर के साथ ही मुजफ्फरनगर, शामली और मेरठ के साथ ही उत्तराखंड को भी साधा जाएगा। वैसे भी मां शाकंभरी देवी मंदिर के प्रति लोगों की अगाध आस्था है और उन्हीं के नाम पर राज्य विवि बन रहा है।
- पुंवारका में राज्य विवि निर्माण स्थल के पास सड़क किनारे सफाई कार्य करते श्रमिक- फोटो : SAHARANPUR